•12 अधबने तमंचे, कारतूस और हथियार बनाने के उपकरण भी बरामद
रिपोर्ट: मयंक त्रिपाठी।
औरैया। दिबियापुर थाना पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम ने मलकापुर के खेतों में चल रही अवैध शस्त्र निर्माण फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। संयुक्त टीम ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर 19 तमंचे, 12 अधबने तमंचे, 38 कारतूस व खोखे तथा शस्त्र बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, एक अक्टूबर को संयुक्त टीम संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि मलकापुर के खेतों में बने ट्यूबवेल के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से तमंचे बना रहा है। सूचना पर टीम ने मौके पर दबिश दी तो एक व्यक्ति विद्युत ट्रांसफार्मर से केबल जोड़कर वेल्डिंग मशीन और ग्राइंडर की मदद से शस्त्र बनाता मिला। पुलिस को देखकर उसने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने उसे शाम करीब 5:35 बजे पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान विनोद कुमार राजपूत (51) पुत्र सालिगराम निवासी नंदपुर, थाना दिबियापुर के रूप में हुई। पूछताछ में उसने बताया कि पैसों के लालच में उसने अवैध शस्त्र बनाने का काम शुरू किया था। वेल्डिंग का काम करने की आड़ में तमंचे तैयार कर वह उन्हें दूर-दराज के क्षेत्रों में महंगे दामों पर बेचता था।
पुलिस ने 14 तमंचे .315 बोर, दो .12 बोर के तमंचे, दो अधिया .315 बोर और एक अधिया .12 बोर बरामद किए। इसके अलावा 12 अधबने तमंचे, .315 बोर के 16 जिंदा व 16 खोखा कारतूस तथा .12 बोर के चार जिंदा और दो खोखा कारतूस मिले।
मौके से ग्राइंडर, ड्रिल मशीन, वेल्डिंग मशीन, 12 लोहे की नाल, 30 स्प्रिंग, छह ट्रिगर, डाई, आरी, रेती, हथौड़ा समेत बड़ी संख्या में अन्य उपकरण बरामद हुए। आरोपी के खिलाफ दिबियापुर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 400/2026, धारा 3/5/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी आर्म्स एक्ट समेत दो मुकदमे दर्ज हैं।


