रिपोर्ट: संजय त्रिपाठी।
सिद्धार्थनगर। राप्ती नदी के बढ़ते जलस्तर से डुमरियागंज तहसील के भनवापुर ब्लॉक क्षेत्र में बाढ़ का संकट लगातार गहराता जा रहा है। दर्जनों गांवों के सिवान में पानी भरने के बाद अब प्रमुख संपर्क मार्ग भी जलमग्न हो गए हैं। इससे ग्रामीणों की परेशानी और बढ़ गई है और पशुओं के चारे का संकट भी खड़ा हो गया है।
क्षेत्र के रमवापुर उर्फ नेबुआ, खुरपहवा, बुढ़ियाटायर, वीरपुर एहतमाली, धनोहरा, कोहलवा, सोनखरडीह, मछिया, धनोहरी, पेड़रियाजीत, तेतरी और पेड़ारी मुस्तहकम समेत कई गांवों के सिवान में पानी भर गया है। पेड़रियाजीत और वीरपुर एहतमाली में पानी आबादी के आसपास पहुंच गया है।
वीरपुर-पेड़रियाजीत मार्ग पर करीब चार फीट पानी भर गया है। वहीं बिथरिया-मन्नीजोत मार्ग पर करीब तीन फीट पानी बह रहा है। शाहपुर-सिंगारजोत मार्ग पर करीब एक किलोमीटर हिस्से में दो फीट तक पानी पहुंच गया है। सड़क के दोनों ओर गहरी खाई होने से ग्रामीण खतरे के बीच आवागमन कर रहे हैं। पानी बढ़ने का सिलसिला जारी रहा तो यह मार्ग भी बंद हो सकता है। ग्रामीणों के अनुसार पांच दिनों से खेतों में पानी जमा है।


