बीएचयू साउथ कैंपस स्थित बीज प्रसंस्करण गोदाम में हुई थी चोरी
मनोज अग्रहरि, मीरजापुर। कोतवाली देहात पुलिस ने चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी के पांच पानी के पंप, एक स्टार्टर और बिजली के तार बरामद किए हैं। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 4 जुलाई 2026 को आरजीएससी फार्म बनारस के फार्म वैज्ञानिक प्रभारी डॉ. शशिधर के.एस. ने बीएचयू साउथ कैंपस स्थित बीज प्रसंस्करण गोदाम में चोरी के संबंध में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी थी। तहरीर के आधार पर कोतवाली देहात में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक मीरजापुर अपर्णा रजत कौशिक ने घटना को गंभीरता से लेते हुए चोरी गए सामान की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में 7 अक्टूबर को चौकी प्रभारी करनपुर उपनिरीक्षक ऋषि देव शुक्ला के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर मामले में प्रकाश में आए आरोपी किशन बिन्द उर्फ करिया बिन्द पुत्र बहादुर बिन्द, निवासी ग्राम इटवा, थाना कोतवाली देहात, मीरजापुर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के पांच पानी के पंप, एक स्टार्टर और बिजली के तार बरामद किए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।


