•दहेज की मांग को लेकर विवाहिता को प्रताड़ित करने और जान से मारने का आरोप
मनोज अग्रहरि, मीरजापुर। मड़िहान पुलिस ने दहेज हत्या के मामले में वांछित नामजद आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 5 अक्टूबर 2026 को सोनभद्र जनपद के घोरावल थाना क्षेत्र के खुजरौल गांव निवासी तनबुडुक ने मड़िहान थाने में तहरीर देकर अपनी पुत्री को दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने और जान से मारने का आरोप लगाया था। तहरीर के आधार पर पुलिस ने नामजद आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की।
पुलिस अधीक्षक मीरजापुर अपर्णा रजत कौशिक ने महिला संबंधी अपराध को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसी क्रम में 7 अक्टूबर को उपनिरीक्षक इन्द्रसेन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर नामजद आरोपी विक्रम उर्फ भोले नाथ पुत्र श्रीभगवान, निवासी मटिहानी, थाना मड़िहान, मीरजापुर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध बीएनएस की धारा 80(2), 85 तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/4 के तहत मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया।


