केके मिश्रा, संवाददाता।
संत कबीर नगर। जनगणना-2027 के अंतर्गत द्वितीय चरण में जनसंख्या गणना (पीई) के सफल क्रियान्वयन एवं निर्धारित अवधि में कार्य पूर्ण कराने के उद्देश्य से फील्ड ट्रेनरों का प्रशिक्षण शुरू किया गया। अपर जिलाधिकारी एवं जिला जनगणना अधिकारी सत्य प्रकाश के निर्देशन में प्रभा देवी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, खलीलाबाद में द्वितीय बैच के प्रशिक्षण का शुभारंभ हुआ।
प्रशिक्षण के दौरान तहसील स्तरीय सुपरवाइजर एवं प्रगणकों को प्रशिक्षित करने के लिए फील्ड ट्रेनरों को आवश्यक जानकारी दी गई। मास्टर ट्रेनर अमरेश कुमार चौधरी एवं अखिलेश त्रिपाठी ने प्रातः 9 बजे से सायं 6 बजे तक प्रशिक्षण प्रदान किया।
अधिकारियों के अनुसार द्वितीय बैच में 8 से 10 अक्टूबर तक प्रातः 9 बजे से सायं 6 बजे के मध्य फील्ड ट्रेनरों का प्रशिक्षण कराया जाएगा। प्रशिक्षण में जनगणना के द्वितीय चरण की प्रक्रिया, कार्यप्रणाली एवं स्वगणना सहित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी दी जा रही है।
उप जिलाधिकारी हृदय राम तिवारी ने बताया कि प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले फील्ड ट्रेनर तहसील स्तर पर प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को जनगणना के द्वितीय चरण के लिए प्रशिक्षित करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण का उद्देश्य जनगणना कार्य को निर्धारित समयसीमा में सुचारु एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना है।
इस दौरान जनगणना अधिकारी सुरजीत कुमार श्रीवास्तव सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


