●3.15 करोड़ रुपये से बॉक्स कल्वर्ट तकनीक से होगा निर्माण,
●नहर क्लोजर मिलते ही विभाग ने शुरू कराई तैयार
रिपोर्ट: मयंक त्रिपाठी
औरैया। औरैया- बिधूना मार्ग पर अछल्दा कस्बे में निचली गंग नहर पर स्थित करीब 172 वर्ष पुराने जर्जर पुल के स्थान पर अब नया टू-लेन पुल बनाया जाएगा। पुल की जर्जर हालत को देखते हुए 18 दिसंबर 2023 को जिलाधिकारी ने भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगाते हुए हाईट गेट लगवा दिया था। लोक निर्माण विभाग खंड की ओर से अगस्त 2023 में 3.15 करोड़ रुपये की लागत से नए पुल का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। शासन से जनवरी 2025 में प्रस्ताव को स्वीकृति मिलने के बाद धनराशि भी अवमुक्त कर दी गई है।
गुरुवार को लोक निर्माण विभाग की अधिशासी अभियंता अलका सिंह एवं सहायक अभियंता राजकुमार और पुल निर्माण के ठेकेदार के साइट इंजीनियर रतनेश दुबे ने मौके पर पहुंचकर पुल निर्माण की तैयारियों का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रस्तावित 45 फुट चौड़े और 42 फुट लंबे नए पुल के निर्माण के लिए स्थल पर निशान लगाए गए।
अधिशासी अभियंता ने बताया कि नहर का क्लोजर मिल गया है। उन्होंने साइट इंजीनियर को जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए। राज्य योजना के तहत निचली गंग नहर पर बॉक्स कल्वर्ट तकनीक से लघु सेतु का निर्माण कराया जाएगा।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार इस तकनीक से बनने वाला पुल सामान्य पुलों की अपेक्षा अधिक मजबूत होता है। इसमें सरिया और सीसी का इस्तेमाल किया जाएगा तथा पुल में किसी प्रकार का जोड़ नहीं होगा।
नहर क्लोजर के दौरान पुल के निचले हिस्से और दीवारों की ढलाई का कार्य पूरा किया जाएगा, जबकि ऊपरी हिस्से की ढलाई नहर संचालन के दौरान कराई जाएगी।
इधर, सिंचाई विभाग की जमीन पर वर्षों से काबिज लोगों को लेकर भी कार्रवाई शुरू हो गई है। 17 सितंबर को स्थायी व अस्थायी मकानों और दुकानों समेत कब्जेदारों को नोटिस चस्पा किए गए थे। लोगों को अलग-अलग तिथियों में अपने कब्जे से संबंधित साक्ष्य प्रस्तुत करने के लिए बुलाया जा रहा है। इस प्रक्रिया से नहर किनारे रहने वाले लोगों में हलचल मची हुई है।


