•बीएचयू साउथ कैंपस के गोदाम से पानी के पम्प चोरी करने वाला अभियुक्त दबोचा, मारपीट व मिट्टी चोरी के मामले में भी एक गिरफ्तार
रिपोर्ट: मनोज अग्रहरि
मीरजापुर। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत थाना कोतवाली देहात पुलिस को मंगलवार को दोहरी सफलता हाथ लगी। पुलिस ने चोरी और मारपीट-धमकी से जुड़े दो अलग-अलग मामलों में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
पहला मामला – बीज गोदाम से चोरी का पर्दाफाश
थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के बीएचयू साउथ कैंपस स्थित बीज प्रसंस्करण गोदाम में चोरी की घटना हुई थी। इस संबंध में फार्म वैज्ञानिक प्रभारी डॉ. शशिधर के.एस. ने 4 जुलाई 2026 को अज्ञात चोरों के विरुद्ध तहरीर दी थी, जिस पर थाना कोतवाली देहात में मु.अ.सं. 337/2026 धारा 305, 324(5) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। एसपी के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली देहात की टीम ने जांच तेज की। आज मुखबिर की सूचना पर चौकी प्रभारी करनपुर उप निरीक्षक ऋषि देव शुक्ला मय हमराह ने ग्राम इटवा निवासी अभियुक्त किशन बिन्द उर्फ करिया बिन्द पुत्र बहादुर बिन्द को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से चोरी गए 5 अदद पानी का पम्प, 1 अदद स्टार्टर और बिजली का तार बरामद किया गया।
दूसरा मामला (प्रमुख) – मिट्टी चोरी, मारपीट व धमकी का वांछित चढ़ा हत्थे
डपुलिस की दूसरी बड़ी कार्रवाई मारपीट और धमकी के मामले में रही। टटहाई रोड कोतवाली कटरा निवासी वादी श्रीनाथ सोनी ने 24 जून 2026 को तहरीर देकर आरोप लगाया था कि नामजद अभियुक्तों ने उनके खेत से मिट्टी चोरी की और विरोध करने पर गाली-गलौज, मारपीट व जान से मारने की धमकी दी।
इस पर थाना कोतवाली देहात में मु.अ.सं. 318/2026 धारा 191(2), 303(2), 352, 351(2), 115(2), 305(8) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था।
इस मामले में वांछित चल रहे अभियुक्त संजय बिन्द पुत्र राजू बिन्द निवासी ग्राम इटवा को आज उप निरीक्षक ऋषिदेव शुक्ला की टीम ने मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्यवाही करते हुए न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।


