•स्वदेशी, स्वावलंबन और आत्मनिर्भरता का संगम है मेला, विभिन्न विभागों ने लगाए स्टॉल
मथुरा। फरह ब्लॉक के नगला चंद्रभान स्थित दीनदयाल धाम में बुधवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति महोत्सव मेला-2026 का शुभारंभ हुआ। 7 से 10 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले इस मेले में जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। उन्होंने मेले का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मेले में स्वदेशी, स्वावलंबन, आत्मनिर्भरता और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जा रहा है। इसमें कृषि, इफको, पशुपालन, श्रम, उद्योग, स्वास्थ्य, वन, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, मत्स्य, पूर्ति, पंचायती राज और उद्यान सहित विभिन्न विभागों ने अपने स्टॉल लगाए हैं। इन स्टॉलों के माध्यम से विभागीय योजनाओं की जानकारी देने के साथ किसानों और मेले में आने वाले लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय स्तर की नृत्य-नाटिका प्रस्तुत करने वाले कलाकारों को सम्मानित किया। उन्होंने पूरे मेला क्षेत्र का भ्रमण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. पंकज कुमार वर्मा, जिला पंचायत राज अधिकारी धनंजय जायसवाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


