•16 से 30 नवंबर तक होगी स्वगणना, जनगणना में जातिगत जानकारी भी होगी शामिल।
मनोज अग्रहरि
मीरजापुर। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार की अध्यक्षता में जीडी बिन्नानी महाविद्यालय के सभागार में 7 से 9 अक्टूबर तक आयोजित जनगणना के द्वितीय चरण के फील्ड ट्रेनरों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुक्रवार को संपन्न हुआ। प्रशिक्षण के दौरान फील्ड ट्रेनरों को जनगणना कार्यों के सुचारु एवं सफल संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही निर्धारित प्रक्रियाओं, प्रपत्रों और नियमों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसे पूरी जिम्मेदारी, गंभीरता और पारदर्शिता के साथ संपन्न किया जाना चाहिए। उन्होंने सभी प्रशिक्षुओं को जनगणना के दौरान सूचनाओं का शुद्ध एवं त्रुटिरहित संकलन सुनिश्चित करने तथा निर्धारित मानकों का पालन करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि फील्ड ट्रेनर प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी अपने अधीनस्थ प्रगणकों और संबंधित कार्मिकों को स्पष्ट रूप से उपलब्ध कराएं, जिससे जनगणना कार्य में किसी प्रकार की समस्या न आए। कार्य के दौरान उत्पन्न होने वाली समस्याओं का निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप समाधान किया जाए और आवश्यकता पड़ने पर उच्चाधिकारियों से मार्गदर्शन प्राप्त किया जाए। उन्होंने समयबद्धता, अनुशासन और कार्य के प्रति पूर्ण निष्ठा बनाए रखने पर भी जोर दिया।
जिलाधिकारी ने बताया कि 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्वगणना की प्रक्रिया निर्धारित है। इस बार की जनगणना में परिवारों के सूचीकरण के साथ परिवार के सदस्यों से संबंधित जानकारी संकलित की जाएगी। इसके अतिरिक्त जातिगत जानकारी को भी विशेष रूप से शामिल किया गया है। उन्होंने सभी फील्ड ट्रेनरों से प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी का प्रभावी उपयोग करते हुए जनगणना कार्य को सफल बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की अपेक्षा की।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) विनोद कुमार सिंह, प्रशिक्षक तथा अन्य संबंधित कार्मिक उपस्थित रहे।


