•बढ़नी के जीएफसी होटल में शाम चार बजे होगा आयोजन
सिद्धार्थनगर। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के बस्ती मंडल के नवनियुक्त अध्यक्ष डॉ. बलराम त्रिपाठी के सम्मान में रविवार को बढ़नी कस्बे में स्वागत समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन रिपोर्टर्स क्लब ऑफ बढ़नी द्वारा जीएफसी होटल में शाम चार बजे किया जाएगा।
इस संबंध में कार्यक्रम आयोजक एवं वरिष्ठ पत्रकार अजय गुप्ता तथा विकास सिंह ने संयुक्त रूप से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जनपद सिद्धार्थनगर के वरिष्ठ पत्रकार एवं ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के पूर्व जिलाध्यक्ष रहे डॉ. बलराम त्रिपाठी को उनकी नेतृत्व क्षमता, कर्मठता और संघर्षशीलता को देखते हुए प्रदेश नेतृत्व द्वारा बस्ती मंडल अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
आयोजकों ने विश्वास जताया कि डॉ. त्रिपाठी के नेतृत्व में संगठन नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के सजग प्रहरी होते हैं और संगठन ने उनकी सक्रियता एवं अनुभव को देखते हुए यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी प्रदान की है।
स्वागत समारोह बढ़नी रेलवे स्टेशन के निकट स्थित जीएफसी होटल में आयोजित होगा। आयोजकों ने क्षेत्र के पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य लोगों से कार्यक्रम में समय से उपस्थित होने की अपील की है।