विजय दूत (मयंक त्रिपाठी)
औरैया। समाजवादी पार्टी कार्यालय ककोर में महर्षि वाल्मीकि जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने महर्षि वाल्मीकि के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने उनके जीवन, विचारों और भारतीय संस्कृति में योगदान पर प्रकाश डालते हुए उनके आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया।
सपा जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि ने रामायण की रचना कर समाज को सत्य, धर्म, मर्यादा और आदर्श जीवन का संदेश दिया। उनका जीवन सदाचार, समानता और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उनके विचार आज भी समाज के लिए प्रासंगिक हैं। महर्षि वाल्मीकि की शिक्षाएं समाज में भाईचारा, सद्भाव और नैतिक मूल्यों को मजबूत करने का संदेश देती हैं।
उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि के जीवन और कृतित्व से प्रेरणा लेकर समाज में आपसी प्रेम, सौहार्द और एकता को बढ़ावा देना चाहिए। उनके बताए आदर्शों को अपनाकर समाज को बेहतर दिशा दी जा सकती है।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने महर्षि वाल्मीकि के बताए मार्ग पर चलने, सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे को बनाए रखने तथा नई पीढ़ी को उनके जीवन एवं कृतित्व से परिचित कराने का संकल्प लिया।
इस दौरान पूर्व विधायक मदन सिंह गौतम, कमलेश तिवारी, पल्लवी पाल, राकेश यादव पूर्व ब्लाक प्रमुख, अनवर यादव, कप्तान सिंह यादव, नर सिंह यादव, प्रमोद पाल फौजी, प्रमोद यादव, तहराज सिंह यादव, लालता प्रसाद शंखवार,रामरत दोहरे सहित अन्य सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।


