ब्रजराज उत्सव के बाजार में 15 राज्यों के उत्पाद, सहारनपुर का एंटीक फर्नीचर और राजस्थान के 56 अचार बने आकर्षण।
मथुरा। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद द्वारा आयोजित ब्रजराज उत्सव का बाजार इन दिनों ब्रजवासियों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। भव्य शिल्प मेले में देश के 15 राज्यों से आए हस्तशिल्पियों और कारीगरों ने अपने पारंपरिक उत्पादों की दुकानें सजाई हैं।
मेले में हिमाचल की शॉल और टोपियों से लेकर त्रिपुरा के बांस से बने लाइट लैंप, कश्मीर के परिधान, आभूषण और होम डेकोरेशन के सामान तक की आकर्षक रेंज उपलब्ध है।
हिमाचल प्रदेश के हैंडीक्राफ्ट से बने शॉल, स्टॉल और टोपी लोगों को खूब लुभा रहे हैं, वहीं त्रिपुरा के बांस से तैयार लैंप और ज्वेलरी की भी खूब मांग देखी जा रही है।
पंजाब की लेडीज जूतियां, कश्मीर के शॉल-सूट और कोलकाता की कॉटन साड़ियां महिलाओं की पहली पसंद बनी हुई हैं।
इसके अलावा सहारनपुर का एंटीक फर्नीचर, राजस्थान के 56 प्रकार के अचार और केरल के व्यंजन, ड्राई फ्रूट हलवा तथा गाजीपुर के जूट से बने डेकोरेटिव उत्पाद भी मेले की रौनक बढ़ा रहे हैं।
उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के डिप्टी सीईओ सतीश चंद्र ने बताया कि ब्रजराज उत्सव का बाजार देश की विविधता, लोककला, हस्तशिल्प, खानपान और पारंपरिक जीवनशैली से रूबरू होने का एक सुनहरा अवसर है।


