•तीनों विधानसभा क्षेत्रों के नवनियुक्त प्रभारियों का कार्यकर्ताओं से परिचय, जिम्मेदारियों के निर्वहन और आपसी समन्वय पर जोर
रिपोर्ट: मयंक त्रिपाठी।
औरैया। आगामी राजनीतिक चुनौतियों और संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर भाजपा ने जिले में अपनी सक्रियता बढ़ाने की कवायद तेज कर दी है। रविवार को जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने और आगामी कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने की रणनीति तैयार की गई। इस दौरान जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों के नवनियुक्त प्रभारियों का कार्यकर्ताओं से परिचय कराया गया।
बैठक में जिलाध्यक्ष सर्वेश कठेरिया ने संगठन की मजबूती को कार्यकर्ताओं की सक्रियता और समर्पण से जोड़ते हुए कहा कि भाजपा की असली ताकत उसका मजबूत संगठन और समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करने तथा संगठनात्मक कार्यक्रमों को गंभीरता से लेते हुए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
औरैया विधानसभा प्रभारी गोपाल मोहन शर्मा ने बूथ स्तर की सक्रियता को संगठन की सफलता का आधार बताते हुए कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने क्षेत्र में निरंतर संपर्क और संवाद बनाए रखना होगा। केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा उपलब्धियों को आम जनता तक पहुंचाने के साथ ही संगठन की गतिविधियों को जनभागीदारी से जोड़ना जरूरी है।
दिबियापुर विधानसभा प्रभारी शिवसिंह भदौरिया और विधूना विधानसभा प्रभारी पं. विकास दुबे ने अपने-अपने क्षेत्रों में संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने पर जोर दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने, बूथ स्तर पर संगठन की स्थिति मजबूत करने और आगामी पार्टी कार्यक्रमों में अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के संबंध में दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष कमल दोहरे, पूर्व जिलाध्यक्ष अनिल गुप्ता और चेयरमैन राघव मिश्रा ने भी कार्यकर्ताओं से संगठन के विस्तार और मजबूती के लिए पूरी ऊर्जा के साथ जुटने की अपील की।
बैठक में ऋषि पाण्डेय, जिला मीडिया प्रभारी भूरे चौबे, इन्द्रपाल पाल, मंजू चौहान, प्रतिमा अवस्थी, लल्ला शर्मा, आदर्श ठाकुर सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।


