•घाट से संपर्क मार्गों और सीढ़ियों तक रोशनी बढ़ाने के निर्देश, छठ व्रतियों की सुविधा एवं सुरक्षा को लेकर अधिकारियों को समय से व्यवस्थाएं पूरी करने को कहा।
लखनऊ। छठ महापर्व को लेकर राजधानी लखनऊ में तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने नगर आयुक्त गौरव कुमार के साथ झूलेलाल घाट का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने घाट पर प्रकाश व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि घाट परिसर के साथ-साथ संपर्क मार्गों, सीढ़ियों और आसपास के क्षेत्रों में भी पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके लिए आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त लाइटें लगाई जाएं।
मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि छठ महापर्व के दौरान घाट पर आने वाले व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। घाट पर स्वच्छता, सुरक्षा और सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं को प्राथमिकता दी जाए तथा सभी आवश्यक कार्य समय से पूरे किए जाएं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि छठ महापर्व पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु घाटों पर पहुंचते हैं, इसलिए उनकी सुविधा और सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं में किसी तरह की कमी नहीं रहनी चाहिए।
नगर निगम प्रशासन की ओर से घाट पर बेहतर प्रकाश व्यवस्था और अन्य नागरिक सुविधाओं को सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।


