•सिटी मजिस्ट्र ने जूस पिलाकर समाप्त कराया मौन व्रत।
मथुरा। यमुना प्रदूषण मुक्ति के नाम पर हजारों करोड़ रुपये खर्च किए जाने के बावजूद यमुना की स्थिति में अपेक्षित सुधार न होने और लगातार नालों का गंदा पानी नदी में गिरने से व्यथित होकर पत्रकार दीपक सारस्वत ने शनिवार को मथुरा शहर के हृदयस्थल होली गेट के समीप तिरंगा चबूतरे पर एक दिवसीय मौन धरना एवं मौन व्रत रखा।
इस दौरान उन्होंने यमुना शुद्धिकरण की मांग को लेकर अपने पांच प्रमुख मांगों को बैनर के माध्यम से प्रदर्शित कर शासन-प्रशासन और संबंधित विभागों का ध्यान आकर्षित किया। उनका उद्देश्य यमुना को प्रदूषण मुक्त बनाने के साथ-साथ शुद्धिकरण के नाम पर खर्च की गई धनराशि और अब तक किए गए कार्यों की जवाबदेही सुनिश्चित कराना रहा। शाम को लगभग 6 बजे सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम मिश्र ने प्रशासन की तरफ से दीपक सारस्वत को जूस पिलाकर मौन व्रत को समाप्त कराया
दीपक सारस्वत की प्रमुख मांगों में यमुना में गिरने वाले नालों पर तत्काल रोक, एसटीपी की जवाबदेही और पारदर्शिता, यमुना शुद्धिकरण पर श्वेत पत्र जारी करने, जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों पर कार्रवाई तथा यमुना को निर्मल और अविरल बनाने की ठोस कार्ययोजना आदि शामिल रहीं
दीपक सारस्वत ने कहा कि यमुना केवल एक नदी नहीं, बल्कि ब्रज की आस्था, संस्कृति और पहचान है। इसके बावजूद यदि वर्षों से योजनाओं और हजारों करोड़ रुपये खर्च होने के बाद भी यमुना प्रदूषण से मुक्त नहीं हो पा रही है, तो यह गंभीर चिंता और जवाबदेही का विषय है।
मौन धरने को स्थानीय लोगों, सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ राजनीति से जुड़े लोगों का भी का समर्थन मिला। धरनास्थल पर महानगर कांग्रेस अध्यक्ष पंडित यतेन्द्र मुकद्दम, गौ रक्षक पवन दुबे, एडवोकेट पंकज पंडित, नरेन्द्र भारद्वाज, रविकांत पाराशर, संजय पाराशर, संजय हरियाणा, दिनेश शर्मा, सुशील गोस्वामी, चंद्रमोहन दीक्षित, कृष्णा प्रजापति, मुरारी प्रजापति, दीपक पंडित, राजू पंडित, बृजवासी सेवा के संयोजक सुभाष बृजवासी, उमर कुरैशी, अजय शर्मा, मधुसूदन शर्मा, गुंजन खत्री आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।


