•सुबह 10 बजे से जनपद न्यायालय में होगी सुनवाई, वाहन स्वामियों से लाभ उठाने की अपील
मथुरा। मोटर वाहन अधिनियम के तहत लंबित चालानों के निस्तारण के लिए 28 नवंबर (शनिवार) को जनपद न्यायालय में विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के दिशा-निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में आयोजित इस लोक अदालत की अध्यक्षता जनपद न्यायाधीश विकास कुमार करेंगे।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अनीता सिंह ने बताया कि विशेष लोक अदालत सुबह 10 बजे से शुरू होगी। इसमें मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत लंबित चालानों का नियमानुसार निस्तारण किया जाएगा।
उन्होंने जनपद के वाहन स्वामियों एवं चालानकर्ताओं से अपील की है कि जिनके चालान लंबित हैं, वे निर्धारित तिथि और समय पर अपने आवश्यक दस्तावेजों के साथ जनपद न्यायालय पहुंचकर लोक अदालत का लाभ उठाएं और लंबित मामलों का निस्तारण कराएं।


