रिपोर्ट : विजय नागपाल।
मथुरा। परिषदीय विद्यालय के बच्चों के शैक्षणिक भ्रमण का आज एक यादगार दिन रहा। बेसिक शिक्षा अधिकारी श्रीमती रतन कीर्ति खुद बच्चों को विदा करने और उनसे बात करने के लिए बस में पहुंचीं।
जैसे ही बीएसए रतन कीर्ति बस के गेट पर चढ़ीं, बस में बैठे बच्चों के चेहरे खिल गए। उन्होंने बस में आगे से पीछे तक जाकर हर बच्चे से बात की, उनका हाल पूछा और टूर की शुभकामनाएं दीं।
इसके बाद बीएसए रतन कीर्ति ने बस में खड़े होकर सभी बच्चों को संबोधित किया। उन्होंने कहा –
“बच्चों, आज आप लोग टूर पर जा रहे हो, बहुत अच्छी बात है। आप जहां भी जाओगे, जो-जो देखोगे, जो-जो सीखोगे, उसे भूलना मत।”
“आपको एक काम करना है। आप अपने बेस्ट फ्रेंड को एक चिट्ठी लिखोगे। उसमें लिखोगे कि आज हम घूमने गए, हमने यह देखा, हमें यह सीखने को मिला, हमने लंच में क्या खाया, बस में हमने कौन-कौन सी गतिविधियां कीं, अंताक्षरी खेली, सब कुछ लिखना है।” “और एक पत्र मुझे भी लिखकर पोस्ट कर देना। मैं पढूंगी कि आप लोगों ने क्या सीखा, आपने क्या-क्या देखा। मुझे बहुत अच्छा लगेगा जब आपकी चिट्ठी मेरे पास आएगी।”
सुरक्षा का भी दिया पाठ
बीएसए रतन कीर्ति ने बच्चों को सुरक्षा को लेकर भी सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा –
“बच्चों, एक बात हमेशा याद रखना। कोई भी बच्चा बस से हाथ और सिर बाहर नहीं निकालेगा। अगर गर्मी लगे, उल्टी आए, तो अपने टीचर को बता देना, बस रुक जाएगी। लेकिन शीशा खुला हो तब भी हाथ-सिर बाहर नहीं निकालना है।”
“जहां भी जाएंगे, लाइन बनाकर चलना है और टीचर की बात का पालन करना है।”
उन्होंने शिक्षकों से भी कहा कि ये आपके अपने बच्चे हैं, इस बात को ध्यान में रखकर बच्चों का पूरा ध्यान रखना है।
बीएसए की बात सुनकर बच्चों ने खुशी से “यस मैम” और “प्रॉमिस मैम”लकहकर उनकी बात को माना।
पूरे कार्यक्रम के दौरान बच्चे काफी उत्साहित नजर आए। शिक्षकों ने भी बीएसए रतन कीर्ति के इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि चिट्ठी लिखने से बच्चों में लेखन की आदत बढ़ेगी और वे अपनी बात को अच्छी तरह से व्यक्त करना सीखेंगे।


