•एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने के निर्देश, बोले डीएम- कोई पात्र मतदाता न छूटे
केके मिश्रा संवाददाता।
संतकबीरनगर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान-2027 के तहत शनिवार को विशेष अभियान दिवस पर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी अनुज मलिक ने विभिन्न मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बीएलओ एवं सुपरवाइजरों से मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन के लिए प्राप्त आवेदनों की जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कंपोजिट विद्यालय सांथा, उच्च प्राथमिक विद्यालय नंदौर एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय गोईठहा सहित विभिन्न मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया।
उन्होंने बीएलओ से फॉर्म-6, फॉर्म-7 एवं फॉर्म-8 की प्राप्ति और उनके निस्तारण की स्थिति जानी। उन्होंने निर्देशित किया कि अर्हता तिथि एक जनवरी 2027 के आधार पर 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवक-युवतियों का नाम अनिवार्य रूप से मतदाता सूची में शामिल किया जाए।
डीएम ने कहा कि मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण कार्य में गुणवत्ता एवं शुद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए। विशेष अभियान दिवसों के साथ ही अन्य दिनों में भी बीएलओ अपने निर्धारित दायित्वों का निर्वहन करते हुए पात्र नागरिकों के आवेदन प्राप्त करें, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता बनने से वंचित न रहे। उन्होंने नागरिकों से भी लोकतंत्र में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की अपील की।
इसी क्रम में उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) पंकज कुमार श्रीवास्तव ने उच्च प्राथमिक विद्यालय खलीलाबाद, प्राथमिक विद्यालय मड़या सहित विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने बीएलओ एवं सुपरवाइजरों से प्राप्त फॉर्म-6, 7 एवं 8 की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले सभी पात्र युवक-युवतियों के आवेदन प्राप्त कर उनका नाम मतदाता सूची में शामिल कराया जाए।
इसके अतिरिक्त ईआरओ एवं एईआरओ ने भी विभिन्न मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए फॉर्म-6, मतदाता सूची से नाम अपमार्जित करने के लिए फॉर्म-7 तथा नाम एवं अन्य विवरणों में संशोधन के लिए फॉर्म-8 से संबंधित आवेदनों की जानकारी ली। अधिकारियों ने बीएलओ को निर्देशित किया कि अभियान के अन्य दिनों में भी आवेदन प्राप्त कर उनकी ऑनलाइन फीडिंग सुनिश्चित करें।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के साथ प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम इसमें शामिल करना अभियान की प्राथमिकता है।


