•जिला पंचायत अध्यक्ष ने हरी झंडी दिखाकर पांच दिवसीय शैक्षणिक दल को किया रवाना
रिपोर्ट: मयंक त्रिपाठी।
औरैया। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण न्यूट्रीसीरियल घटक योजना 2026-27 के तहत जिले से 50 किसानों का दल बुधवार को केंद्रीय शुष्क क्षेत्र अनुसंधान संस्थान , जोधपुर के लिए रवाना हुआ। किसानों का दल बस से पांच दिवसीय शैक्षणिक दौरे पर गया है। जिला पंचायत अध्यक्ष कमल दोहरे ने हरी झंडी दिखाकर किसानों के दल को रवाना किया।
शैक्षणिक दौरे का उद्देश्य किसानों को पोषक अनाजों की उन्नत खेती के साथ ही शुष्क क्षेत्रों में अपनाई जा रही आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी देना है। दौरे के दौरान किसान केंद्रीय शुष्क क्षेत्र अनुसंधान संस्थान में पोषक अनाजों की खेती, शुष्क क्षेत्रों की कृषि तकनीक और वैज्ञानिक खेती के विभिन्न पहलुओं की जानकारी प्राप्त करेंगे।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष कमल दोहरे ने कहा कि ऐसे शैक्षणिक दौरों से किसानों को वैज्ञानिक खेती और मोटे अनाजों को बढ़ावा देने वाली नई तकनीकों को समझने का अवसर मिलता है। किसान खेती के नए तरीकों को अपनाकर अपनी आय बढ़ाने की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं।
अनुराग दीक्षित ने भी किसानों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि यह दौरा उनके कृषि कौशल को नई दिशा देने में मदद करेगा। पांच दिनों के दौरान किसान कृषि वैज्ञानिकों और विशेषज्ञों से खेती से जुड़ी आधुनिक तकनीकों की जानकारी प्राप्त करेंगे। अभियान के माध्यम से किसानों को खेती में नई तकनीकों को अपनाने और पोषक अनाजों के उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए जागरूक किया जाएगा।
इस दौरान कृषि विभाग के जिला सलाहकार विवेक त्रिवेदी के साथ आलोक कुमार शुक्ला, रमाकांत, बृजमोहन, रणवीर, विनय सिंह, हरीशंकर, दीप चंद, अशोक कुमार, पवन दुबे और कमलेश समेत कई अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

