•सेवा संकल्प अभियान के तहत संतकबीरनगर में हुआ आयोजन, लखनऊ कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा गया।
केके मिश्रा, संवाददाता।
संत कबीर नगर। विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया गया। लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना-2.0 के अंतर्गत मार्जिन मनी ऋण पोर्टल तथा ‘विश्वकर्मा स्वरोजगार एवं स्वदेशी मेला-2026’ आधारित प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। इस दौरान विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक एवं टूलकिट वितरित किए गए।
इसी क्रम में संतकबीरनगर के कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में विधायक खलीलाबाद अंकुरराज तिवारी, विधायक मेंहदावल अनिल कुमार त्रिपाठी, विधायक धनघटा गणेश चंद्र चौहान, जिलाधिकारी आलोक कुमार तथा मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान विश्वकर्मा के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर विधायकगण एवं जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना तथा विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक एवं टूलकिट वितरित कर सम्मानित किया। साथ ही उपस्थित अधिकारियों, उद्यमियों, कारीगरों एवं लाभार्थियों ने लखनऊ में आयोजित मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा और सुना।
विधायक खलीलाबाद अंकुरराज तिवारी ने विश्वकर्मा जयंती को निर्माण एवं शिल्प कार्य से जुड़े लोगों के सम्मान का अवसर बताते हुए कारीगरों से योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। विधायक मेंहदावल अनिल कुमार त्रिपाठी ने भगवान विश्वकर्मा को सृजन, निर्माण एवं शिल्पकला का प्रतीक बताते हुए कहा कि पारंपरिक कारीगरों एवं शिल्पकारों को प्रशिक्षण, आधुनिक उपकरण तथा आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने से स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
विधायक धनघटा गणेश चंद्र चौहान ने विश्वकर्मा जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना है। उन्होंने कारीगरों एवं उद्यमियों से योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भर बनने की अपील की।
कार्यक्रम में उपायुक्त उद्योग विनोद कुमार वर्मा, एलडीएम पवन कुमार सिन्हा, सहायक आयुक्त उद्योग जितेंद्र गौतम, जिला सूचना अधिकारी सुरेश कुमार सरोज सहित संबंधित अधिकारी, उद्यमी, कारीगर, लाभार्थी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


