– केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान व उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया विभिन्न प्रकल्पों एवं पुस्तकों का विमोचन, लोकार्पण व शिलान्यास
रिपोर्ट: विजय नागपाल।
फरह (मथुरा)। दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति, दीनदयाल धाम, फरह के तत्वावधान शनिवार को दीनदयाल गौ विज्ञान अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केन्द्र, गऊ-ग्राम, परखम में गौ-संवर्धन, आयुर्वेद, अनुसंधान और शिक्षा को समर्पित विभिन्न प्रकल्पों तथा पुस्तकों का भव्य विमोचन, लोकार्पण एवं शिलान्यास समारोह उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के कर कमलों द्वारा संपन्न हुआ।
समारोह का शुभारंभ उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, निरंजन पीठाधीश्वर श्री श्री 1008 आचार्य महामण्डलेश्वर डॉ. स्वामी कैलाशानन्द गिरि जी महाराज एवं श्री पंच दशनाम जूना अखाड़ा के आचार्य महामण्डलेश्वर स्वामी अवधेशानन्द गिरि जी महाराज ने द्वारा गौ-पूजन के साथ हुआ। गौ पूजन के उपरांत पूज्य संतों एवं मंचासीन अतिथियों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के मध्य पंडित दीन दयाल उपाध्याय जी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम प्रांगण वंदे मातरम् गान से गूंज उठा।
समारोह में निरंजन पीठाधीश्वर श्री श्री 1008 आचार्य महामण्डलेश्वर डॉ. स्वामी कैलाशानन्द गिरि जी महाराज एवं श्री पंच दशनाम जूना अखाड़ा के आचार्य महामण्डलेश्वर स्वामी अवधेशानन्द गिरि जी महाराज का पावन आशीर्वचन प्राप्त हुआ। संतों ने अपने उद्बोधन में भारतीय संस्कृति में गौ-सेवा, पंचगव्य और आयुर्वेद की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए इसे राष्ट्र उत्थान का आधार बताया।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, एस०पी० सिंह बघेल द्वारा गऊ ग्राम में संचालित प्रमुख प्रकल्प का विमोचन, लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। अतिथियों ने पशु आयुर्वेद एवं पारंपरिक ज्ञान में एक वर्षीय स्नातकोत्तर डिप्लोमा पाठ्यक्रम का विमोचन किया।
अनुवादात्मक चिकित्सा में आयुर्वेद और पंचगव्य अनुसंधान केन्द्र तथा श्री नन्दीश्वर छात्रावास छात्रावास का लोकार्पण और आयुर्वेद कॉलेज एवं चिकित्सालय, पशु चिकित्सालय महाविद्यालय तथा आवासीय परिसर 2 बीएचके का शिलान्यास किया।
समारोह में उपस्थित जनसमुदाय और छात्रों को संबोधित करते हुए शिवराज सिंह चौहान केंद्रीय कृषि, किसान कल्याण एवं ग्रामीण विकास मंत्री ने मंच को ज्ञान, भक्ति और कर्म का त्रिवेणी संगम बताते हुए ब्रज भूमि, भगवान श्रीकृष्ण और पं. दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद का स्मरण किया। उन्होंने कहा कि छोटी जोत वाले किसानों की खेती को लाभकारी बनाने के लिए लागत घटाना और उत्पादन बढ़ाना जरूरी है, जिसका सबसे सशक्त माध्यम गो-आधारित प्राकृतिक खेती और पशुपालन है।
उन्होंने समिति की नव-उद्घाटित प्रयोगशाला की सराहना करते हुए कहा कि यहां पंचगव्य के लाभों के वैज्ञानिक प्रमाण जुटाने के साथ-साथ वनस्पतियों के प्रयोग से गौमाता के लिए ‘सुपर फूड’ तैयार किया जा रहा है, जिससे गौवंश अधिक स्वस्थ होगा और पंचगव्य उत्पाद और भी गुणकारी बनेंगे। अंत में उन्होंने ब्रजवासियों और किसानों से घर-घर गो-पालन करने, प्राकृतिक खेती अपनाने तथा गांवों को नशामुक्त बनाने का संकल्प दिलाया।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देवभूमि की ओर से सभी संतों और नागरिकों का अभिनंदन करते हुए कहा कि गौ-माता का संरक्षण केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं है, बल्कि इसका सीधा संबंध ग्रामीण अर्थव्यवस्था, प्राकृतिक खेती और किसानों की समृद्धि से जुड़ा है।
उन्होंने कहा कि दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति गौ-संरक्षण को आधुनिक शिक्षा, वैज्ञानिक अनुसंधान, चिकित्सा और प्रशिक्षण से जोड़ने का अनुकरणीय कार्य कर रही है। उन्होंने ब्रज भूमि व मां यमुना के अटूट संबंध का उल्लेख करते हुए श्रद्धालुओं को उत्तराखण्ड के हरिपुर कालसी स्थित यमुना तट के नवनिर्मित भव्य घाट पर आने का आमंत्रण भी दिया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता सुरेश सोनी, सदस्य अखिल भारतीय कार्यकारिणी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने कहा कि यह प्रकल्प केवल देश के लिए ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के लिए परिवर्तनकारक सिद्ध हो सकता है। उन्होंने कहा कि भारतीय परंपरा में प्रकृति के नवीकरणीय चक्र पर आधारित जैविक और प्रदूषणरहित जीवनशैली रही है, जबकि आधुनिक असंतुलन के कारण धरती, वायु और जल प्रभावित हुए हैं। आज मनुष्य, जल, पशु, पक्षी और वृक्षों के बीच के संतुलन को पुनः स्थापित करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि पशु आयुर्वेद के पाठ्यक्रम और आधुनिक प्रयोगशाला के माध्यम से पारंपरिक पशु चिकित्सा का वैज्ञानिक वैधीकरण होगा, जो नीति निर्माताओं, संतों, वैज्ञानिकों और सामाजिक संस्थाओं के समन्वय से विश्व का मार्गदर्शन करेगा।
डॉ. चिन्मय पंड्या, प्रमुख, अखिल विश्व गायत्री परिवार एवं कुलाधिपति, देव संस्कृति विश्वविद्यालय ने पशु आयुर्वेद एवं पारंपरिक ज्ञान के एक वर्षीय पीजी डिप्लोमा पाठ्यक्रम को विश्व का पहला और अनूठा पाठ्यक्रम बताते हुए कहा कि यह भविष्य में भारत ही नहीं, बल्कि विश्व की व्यवस्था व दिशा को बदलने की क्षमता रखता है।
उन्होंने कहा कि पंचगव्य केवल पांच पदार्थों का मेल नहीं, बल्कि कृषि, स्वास्थ्य, पर्यावरण, आध्यात्म और अर्थव्यवस्था को एक समग्र व्यवस्था के रूप में जोड़ने की भारतीय दृष्टि है। ‘लैंसेट’ के शोध का संदर्भ देते हुए उन्होंने पंचगव्य व गौ-आधारित जीवनशैली के स्वास्थ्य लाभों को रेखांकित किया और अखिल विश्व गायत्री परिवार की ओर से शुभकामनाएं दीं।
श्याम लाल जी, संयोजक अखिल भारतीय गौसेवा ने कहा कि यह संस्थान आगे चलकर पूरे विश्व को प्रेरणा देगा और भारत का भाग्य देसी गाय के माध्यम से लिखा जाएगा। उन्होंने कहा कि देसी गाय और पंचगव्य के सही उपयोग से हम देश की कृषि व्यवस्था, अर्थव्यवस्था और स्वास्थ्य को सुदृढ़ कर ‘रोग मुक्त भारत’, ‘कर्ज मुक्त भारत’ और ‘रोजगार युक्त भारत’ का निर्माण कर सकते हैं। उन्होंने गोबर-गौमूत्र आधारित जैविक खेती, गोबर गैस व सीबीजी ऊर्जा, लगभग 300 प्रकार के पंचगव्य उत्पादों से ग्रामीण रोजगार तथा गोचर भूमि पर चारा व सब्जी की चक्रीय खेती के माध्यम से गोधन संरक्षण और कुपोषण निवारण के व्यावहारिक समाधान प्रस्तुत किए।
समारोह में केंद्रीय मत्स्य पालन एवं पशुपालन राज्यमंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल, दिनेश कुलकर्णी, अखिल भारतीय संगठन मंत्री, भारतीय किसान संघ, कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य, उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, धर्मपाल सिंह पशुधन एवं दुग्ध मंत्री, विज्ञान भारती के राष्ट्रीय सह-संगठन मंत्री प्रवीण रामदास, भारतीय पशु चिकित्सा परिषद के अध्यक्ष डॉ. उमेश चंद्र शर्मा, स्वामी विनोद बाबा जी महाराज एवं स्वामी शिवचंद्र दास जी महाराज की उपस्थित रहे।
मीडिया प्रभारी कीर्ति पी. कुमार ने संपन्न हुए प्रमुख प्रकल्पों की जानकारी देने के साथ समस्त पूज्य संतों, अतिथियों, मीडिया प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में पधारे नागरिकों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. ललित वत्स एवं डॉ. सिंह एवं धन्यवाद ज्ञापित महेश गुप्ता अध्यक्ष दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति ने किया।
————————–
– समारोह में यह रहे उपस्थित
इस अवसर पर अखिल भारतीय गौ गतिविधि संयोजक अजीत महापात्रा, क्षेत्र प्रचारक महेंद्र शर्मा, धर्मेंद्र, कीर्ति पी० कुमार, महेश गुप्ता, हरिशंकर शर्मा, नितिन बहल, विनीत शर्मा, कौशल किशोर शर्मा, अभिषेक शर्मा, राज्यसभा सांसद चौधरी तेज वीर सिंह, महा, जिला पंचायत अध्यक्ष किशन सिंह चौधरी, डॉ. दिनेश, विधायक पूरन प्रकाश, ठा ० मेघ श्याम सिंह, राजकुमार चाहर, राम प्रताप चौहान, नवीन जैन, मंजू भदौरिया, डॉ. पुण्यमूर्ति नटेशन, अरविंद गोयल, सतीश अवाना, मुकेश शर्मा, अनुज कुमार वर्मा, बिरला ग्रुप के समीर अग्रवाल, के.ई.एन. राघवन, आईसीएआर के उप महानिदेशक पशु विज्ञान डॉ. राघवेंद्र भटा, कंवर सिंह तंवर, अजय रस्तोगी, सुरेश कौशिक, शैलजा कांत मिश्र, मुकेश मेश्राम, रंजन कुमार, डी.एस.एन. मूर्ति, संगीत सोम, डॉ. बल्लभ भाई कथीरिया, सुरेश जाकोटिया सहित आयुक्त आगरा, जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा उपस्थित रहे।
——————————
– पुस्तक एवं पाठ्यक्रम का विमोचन हुआ
फरह। समारोह में मंचासीन अतिथियों द्वारा पशु आयुर्वेद एवं पारंपरिक ज्ञान में एक वर्षीय स्नातकोत्तर डिप्लोमा पाठ्यक्रम से जुड़ी पुस्तक प्रो. के.एम.एल. पाठक की पुस्तक/पाठ्यक्रम वितरण का विमोचन किया गया। इसके साथ ही दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति द्वारा प्रकाशित तथा यूपीईएस देहरादून के प्रोफेसर डॉ. ध्रुव कुमार विश्व के शीर्ष दो प्रतिय कैंसर वैज्ञानिकों में शामिल एवं शोधार्थी मेघना पाट्याल द्वारा लिखित पुस्तक ‘द काऊ रिसर्च : मॉलिक्यूलर एस्पेक्ट्स’ का भी विमोचन हुआ। इस अवसर पर दुवासु के कुलपति डॉ. अभिजीत मित्रा ने एक वर्षीय स्नातकोत्तर डिप्लोमा की मान्यता के संबंध में जानकारी दी और भारतीय पशु चिकित्सा परिषद के अध्यक्ष डॉ. उमेश चंद्र शर्मा ने दीनदयाल गौ विज्ञान अनुसंधान संस्थान के केंद्र में पाठ्यक्रम संचालन तथा पशु चिकित्सा एवं आयुर्वेदिक शिक्षा से जुड़े सहयोग का उल्लेख किया।
———————-
– ऋषि गौतम मंच यह रहे उपस्थित
आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानन्द गिरि जी महाराज, आचार्य महामंडलेश्वर डॉ. स्वामी कैलाशानन्द गिरि जी महाराज, परमाध्यक्ष अखिल भारतीय स्वामी रामतीर्थ मिशन, देहरादून, डॉ. स्वामी शिवचन्द्र दास जी महाराज, स्वामी विनोद बाबा जी महाराज, गायत्री परिवार के डॉ. चिन्मय पंड्या ‘भाई जी’, चंद्रोदय मंदिर वृन्दावन के अनंतवीर जी महाराज, केंद्रीय मत्स्य पालन एवं पशुपालन राज्य मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय कार्यकारिणी मंडल सदस्य सुरेश सोनी, गौ सेवा गतिविधि के अखिल भारतीय कार्यकारिणी मंडल मार्गदर्शक शंकर लाल, अखिल भारतीय किसान संघ के संगठन मंत्री डॉ. दिनेश कुलकर्णी, विज्ञान भारती के राष्ट्रीय सह-संगठन मंत्री प्रवीण रामदास, उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्रियों में बेबी रानी मौर्य, लक्ष्मी नारायण चौधरी, योगेन्द्र उपाध्याय उच्च शिक्षा मंत्री व धर्मपाल जी पशुधन एवं दुग्ध विकास विभाग, भारतीय पशु चिकित्सा परिषद के अध्यक्ष डॉ. उमेश चंद्र शर्मा तथा दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति के अध्यक्ष महेश गुप्ता मंच पर विराजमान रहे।


