•कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य के बयान पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने उठाए सवाल, निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग
मथुरा। भाजपा सरकार की कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य के कथित बयान पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि गरीबों के हक के लिए मिलने वाली सरकारी योजनाओं में वसूली को सामान्य बताना सरकार की सोच पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
मुकेश धनगर ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराने की जनकल्याणकारी योजना है। ऐसे में यदि किसी गरीब लाभार्थी से आवास का आवेदन कराने या योजना का लाभ दिलाने के नाम पर दो से ढाई हजार रुपये वसूले जाते हैं, तो इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
उन्होंने कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य के इस कथित बयान पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्या भ्रष्टाचार की भी कोई न्यूनतम कीमत तय है? गरीब व्यक्ति के लिए दो हजार रुपये भी बहुत मायने रखते हैं। आखिर सरकारी योजना का लाभ पाने के लिए किसी लाभार्थी को अतिरिक्त पैसे क्यों देने पड़ें?
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि कागजात बनवाने के नाम पर होने वाली वसूली को सामान्य मानने के बजाय सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि आवेदन प्रक्रिया में कौन-कौन से शुल्क अधिकृत हैं। यदि कोई कर्मचारी अवैध वसूली करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने मांग की कि सरकार इस मामले में पारदर्शिता सुनिश्चित करे और गरीब लाभार्थियों से अवैध वसूली करने वालों के खिलाफ निष्पक्ष जांच कर सख्त कार्रवाई करे। सरकारी योजनाओं का लाभ गरीबों को सम्मान के साथ मिलना चाहिए, न कि रिश्वत और वसूली के बोझ के साथ।


