•अधिकाधिक पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के दिए निर्देश।
•दिनांक 29 नवंबर 2026 को भी सभी मतदेय स्थलों पर बीएलओ की उपस्थिति में आयोजित होगा विशेष कैंप।
मथुरा। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के दृष्टिगत अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर संचालित विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान (SSR-2027) के अंतर्गत जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने जनपद के विभिन्न मतदेय स्थलों पर आयोजित विशेष अभियान कैम्पों का निरीक्षण किया।

जिलाधिकारी ने केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-02 मथुरा रिफाइनरी, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-03 बाद तथा प्राथमिक विद्यालय औरंगाबाद प्रथम में आयोजित विशेष कैम्पों का स्थलीय निरीक्षण कर मतदाता पंजीकरण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित बीएलओ एवं सुपरवाइजरों से नए मतदाताओं के पंजीकरण, मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन एवं अन्य निर्वाचन संबंधी कार्यों की जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि विशेष अभियान दिवसों में प्राप्त होने वाले सभी आवेदन पत्रों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारित किया जाए। विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं एवं महिलाओं का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराने पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता बनने से वंचित न रहे।
उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक पात्र नागरिक की सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसलिए बीएलओ घर-घर जाकर पात्र नागरिकों को मतदाता पंजीकरण के प्रति जागरूक करें तथा फॉर्म-6 भरवाने के लिए प्रेरित करें।
जिलाधिकारी ने जनसामान्य से अपील की है कि विधान सभा निर्वाचक नामावली में अपने नाम एवं विवरण की जाँच अवश्य कर ले, कोई भी मतदाता सूची में नाम देखने के लिए या तो अपने एन्ड्रॉयड मोबाइल के playstore से ECINet App download कर अपने मोबाइल नम्बर से ओ०टी०पी० जनरेट कर लॉगिन के माध्यम से अपने परिवार के किसी भी सदस्य का ऑनलाइन एप्लीकेशन स्टेटस चैक कर सकता है, साथ ही विधान सभा मतदाता सूची में अपने विवरण की पुष्टि कर सकता है। उक्त के अतिरिक्त वेबसाइट https://voters.eci.gov.in/ पर Search Your Name in Voter List Tab पर Search by EPIC/ Search by Detail/ Search by Mobile आदि से सम्बन्धित Tab के माध्यम से विधान सभा मतदाता सूची में अपने विवरण की पुष्टि कर सकते हैं।
इस प्रकार निर्वाचक नामावली में अपने नाम की पुष्टि के उपरान्त भी किसी अर्ह व्यक्ति / नागरिक का नाम विधान सभा निर्वाचक नामावली में दर्ज नहीं है, तो वह फार्म-6 ऑनलाइन भरकर अथवा सम्बन्धित बी०एल०ओ० को फार्म 6 जमा कर अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करा सकते हैं। इसी प्रकार निर्वाचक नामावली में अपने से सम्बन्धित प्रबिष्टि में संशोधन एवं स्थानान्तरण की दशा में प्रारूप 8 पर आवेदन कर सकते हैं। परिवार में किसी व्यक्ति की मृत्यु होने पर प्रारूप-7 पर आक्षेप प्रस्तुत किया जा सकता है।
निर्वाचक नामावली से सम्बन्धित किसी भी विषय पर समस्या / समाधान के लिये कलक्ट्रेट स्थित ई०ओ०सी० पर जिला सम्पर्क केन्द्र (District Contact Centre) की स्थापना भी की गयी है, जिसका टोल फ्री नम्बर 1950 है, जो एयरटेल सिम नेटवर्क से 1950 डायल कर एवं अन्य सिम नेटवर्क से 0565-1950 से डायल कर सम्पर्क स्थापित कर सकता है। उक्त जिला सम्पर्क केन्द्र दिनांक 17.11.2026 से निरन्तर कार्यशील है एवं दिनांक 04.01.2027 तक प्रतिदिन प्रातः 09.00 बजे से रात्रि 09.00 बजे तक संचालित रहेगा।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान को पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ संचालित करें तथा निर्वाचन आयोग की मंशा के अनुरूप शुद्ध, त्रुटिरहित एवं समावेशी मतदाता सूची तैयार कराना सुनिश्चित करें।


