•35वीं श्रीराधारानी ब्रजयात्रा का भावपूर्ण समापन, ब्रजवासियों ने पलक-पांवड़े बिछाकर किया स्वागत; नृसिंह बाबा ने दक्षिणा में मांगा हरिनाम
बरसाना। 36 दिन तक ब्रज के वन, उपवन, कुंडों और लीला स्थलों की रज में रमकर श्रीराधारानी के नाम का संकीर्तन करने वाली 35वीं श्रीराधारानी ब्रजयात्रा शनिवार को अपने धाम बरसाना लौट आई। 24 अक्टूबर को मान मंदिर के गहवर वन से प्रारंभ हुई ब्रजयात्रा के कामवन स्थित अंतिम पड़ाव से बरसाना पहुंचते ही पूरा धाम स्वागत के उल्लास में डूब गया। ब्रजवासियों ने पलक-पांवड़े बिछाकर यात्रियों का अभिनंदन किया तो बरसाना, चिकसौली और मानपुर में हुई पुष्पवर्षा से सड़कें फूलों से पट गईं।
36 दिन तक ब्रज रस का पान करने वाले ब्रजयात्री अपने धाम में प्रवेश करते ही भावविभोर हो उठे। ब्रज और ब्रजवासियों के प्रेम ने यात्रा की थकान को भुला दिया। बरसाना वासियों के चेहरों पर भी अपनी ब्रजयात्रा के घर लौटने की खुशी देखते ही बन रही थी।
बरसाना पहुंचने से पूर्व ग्राम कनवाड़ा की कदमखंडी में ब्रजवासियों ने बालभोग कराकर यात्रियों का आतिथ्य किया। इसके बाद बरसाना में डॉ. मनमोहन, संजय गोस्वामी एडवोकेट, रासबिहारी गोस्वामी, गुड्डू सेठ, गोविंद, श्याम शर्मा, मुरारी प्रधान चिकसौली, संजय प्रधान मानपुर, कलुआ, सतीश, श्यामसुंदर, बने सिंह, ब्रजेंद्र, चिरंजी, दीवान, बंटी और इंद्रमर्दन सहित अनेक लोगों ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया। दोपहर दो बजे ठाकुरजी के डोले और हरिनाम संकीर्तन के साथ ब्रजयात्री मान मंदिर के पीछे बनाए गए पंडाल में पहुंचे। यहां संत रमेश बाबा महाराज के कृपापात्र नृसिंह बाबा ने विप्रजनों के माध्यम से यात्रियों का संकल्प विसर्जन कराया। उन्होंने दक्षिणा के रूप में धन के बजाय श्रद्धालुओं से हरिनाम दान मांगा। बाबा ने कहा कि सभी यात्री अपने घरों में भी नित्य कीर्तन करें और प्रभातफेरी निकालें, जिससे ब्रज में अर्जित भक्ति और साधना का क्रम जीवनभर बना रहे।
यात्रा में मान मंदिर के महंत ब्रजशरण दास महाराज, राधाकांत शास्त्री, ब्रजदास, नीलमणि दास, राधाप्रिय, राजकुमार गरुण, सुशील गोस्वामी, संजय प्रधान, बंसी मेंबर, भारत गोस्वामी, राघव गोस्वामी और बंसिधर दास सहित अनेक संत एवं श्रद्धालु शामिल रहे।


