•भव्य आयोजन की तैयारियों को मिली गति, समाज के प्रमुख पदाधिकारी एवं गणमान्यजन रहे उपस्थित।
मथुरा। महाराजा अग्रसेन जयंती महोत्सव–2026 के अंतर्गत आयोजित होने वाले भव्य ‘अग्र महोत्सव–2026’ का विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भूमि पूजन कर शुभारंभ किया गया। भूमि पूजन के साथ ही महोत्सव की तैयारियों को औपचारिक रूप से गति प्रदान की गई।
भूमि पूजन कार्यक्रम में मुख्य चुनाव अधिकारी जयंती प्रसाद अग्रवाल, अध्यक्ष अशोक बंसल, प्रधानमंत्री सुभाष सिक्का एवं मुख्य जयंती संयोजक किशोर मित्तल सहित समाज के अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
इस अवसर पर हरिओम मंतवाले, संदीप अडुकी, विभोर अग्रवाल,कृष्ण मुरारी ‘नेताजी’ सहित आयोजन समिति से जुड़े पदाधिकारी एवं समाजबंधु उपस्थित रहे।
आयोजन समिति ने बताया कि इस वर्ष ‘अग्र महोत्सव–2026’ को भव्य एवं आधुनिक स्वरूप दिया जा रहा है। महोत्सव में भारतीय संस्कृति, सामाजिक सरोकार, साहित्य, संगीत और आधुनिक तकनीक का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।
महोत्सव में ‘हम सबने यह ठाना है, ब्रज को स्वच्छ बनाना है’ के संदेश के साथ स्वच्छ ब्रज अभियान को भी प्रमुखता दी जाएगी। इसके साथ ही तीन दिवसीय आयोजन में काव्य संध्या, Gen-Z अंदाज में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, बॉलीवुड की मशहूर गायिका पलक मुच्छल की सुर संध्या एवं पहली बार भव्य लेजर शो जैसे आकर्षण शामिल होंगे।
मुख्य मेला संयोजक अंकित बंसल (बंसल फूड्स) ने कहा कि भूमि पूजन के साथ ‘अग्र महोत्सव–2026’ की तैयारियों का विधिवत शुभारंभ हो गया है। हमारा प्रयास है कि यह आयोजन महाराजा अग्रसेन जी के आदर्शों, समाज की एकता और हमारी गौरवशाली संस्कृति को नई पीढ़ी से जोड़ने का माध्यम बने।
मुख्य जयंती संयोजक किशोर मित्तल ने कहा कि समाज के सभी वर्गों की सहभागिता से ‘अग्र महोत्सव–2026’ को भव्य एवं यादगार बनाया जाएगा। उन्होंने सभी अग्रबंधुओं से आयोजन में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।
भूमि पूजन के अवसर पर उपस्थित सभी समाजबंधुओं ने महोत्सव को सफल बनाने तथा महाराजा अग्रसेन जी के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।


