•20वें जागरण, भव्य शोभायात्रा व छप्पन भोग की तैयारियां शुरू, निमंत्रण मंजूषा का हुआ विमोचन।मथुरा। माँ वैष्णों देवी मित्र मंडल (रजि.) मथुरा के तत्वावधान में आयोजित होने वाले माँ वैष्णों देवी के विंशति (20वें) जागरण, भव्य शोभायात्रा, छप्पन भोग एवं फूल बंगला महोत्सव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। आयोजन को लेकर 24 सितंबर को एक स्थानीय होटल में मंडल की सामान्य बैठक आयोजित हुई। बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा करते हुए विभिन्न सदस्यों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं तथा निमंत्रण मंजूषा का विमोचन किया गया।
मंडल अध्यक्ष डॉ. अंशुमान गोयल ने बताया कि 16 अक्टूबर को होने वाले धार्मिक आयोजन को भव्य एवं दिव्य स्वरूप देने के लिए तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। आयोजन से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं का दायित्व मंडल के सदस्यों को सौंपा गया है।
महासचिव पं. शशांक पाठक ने बताया कि इस बार श्रद्धालुओं को माँ वैष्णों देवी के दर्शन कटरा स्थित भवन की तर्ज पर तैयार किए जा रहे भव्य भवन में होंगे। भवन निर्माण के लिए जम्मू से विशेष कारीगर मथुरा पहुंचेंगे और उसी स्वरूप में माँ भगवती का दरबार सजाया जाएगा।
कोषाध्यक्ष बंटी गोला ने बताया कि आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाओं को व्यवस्थित रूप दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि 16 अक्टूबर को प्रातः 10 बजे श्री मदन मोहन मंदिर, स्वामीघाट से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई चौक बाजार, मंडी रामदास, डीग गेट होते हुए अंगूरी वाटिका पहुंचेगी। इसके बाद ट्यूलिप रिसोर्ट में माँ वैष्णों देवी जी का पंचामृत महाभिषेक, हवन-यज्ञ, कन्या पूजन एवं लांगूरा पूजन सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।
मीडिया प्रभारी दीपक गोला ने बताया कि 16 अक्टूबर की शाम आठ बजे माँ भगवती अपने भव्य भवन में विराजमान होकर श्रद्धालुओं को दर्शन देंगी। दिव्य ज्योति प्रज्वलन के साथ माँ भगवती का जागरण प्रारंभ होगा। जागरण में देश के सुप्रसिद्ध भजन गायक तरुण सागर (सारेगामापा), भावना स्वरांजलि (दिल्ली), बृजराज सिंह लक्खा (टी-सीरीज), अश्विनी शर्मा एवं तान्या शर्मा माँ भगवती का गुणगान करेंगे।
आयोजन के दौरान माँ भगवती को छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा तथा भव्य फूल बंगला सजाया जाएगा। मंडल पदाधिकारियों ने बताया कि आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है और बड़ी संख्या में भक्तों के पहुंचने की संभावना है।
बैठक में अध्यक्ष डॉ. अंशुमान गोयल, उपाध्यक्ष रवि अग्रवाल एवं विवेक अग्रवाल, महासचिव पं. शशांक पाठक, कोषाध्यक्ष बंटी गोला, सचिव सुमित वर्मा, सहकोषाध्यक्ष कन्हैया अग्रवाल, अनुज राजपूत, मीडिया प्रभारी दीपक गोला सहित मंडल के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।


