रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। श्रीकृष्ण जन्मभूमि से जुड़ी आस्था और मंदिर निर्माण के संकल्प को लेकर तैयार की गई श्रीकृष्ण संकल्प रजत शिला का देश-विदेश में पूजन किया जा रहा है। मथुरा में आयोजित कार्यक्रम में अमेरिका समेत 19 देशों से आए भक्तों और प्रतिनिधियों ने वैदिक विधि-विधान से रजत शिला का पूजन कर भगवान श्रीकृष्ण से जन्मभूमि से जुड़ी बाधाएं दूर होने की प्रार्थना की।
अमेरिका के शिकागो से आए प्रशांत त्यागी ने कहा कि विदेशों में रहने वाले भारतीय भी श्रीकृष्ण जन्मभूमि से भावनात्मक रूप से जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिका सहित अन्य देशों में रहने वाले भारतीय भक्त मंदिर निर्माण और धार्मिक गतिविधियों में अपनी क्षमता के अनुसार तन-मन-धन से सहयोग करेंगे।
श्रीकृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास के हिंदू पक्षकार दिनेश फलाहारी जी महाराज ने कहा कि रजत संकल्प शिला के माध्यम से देश-विदेश के श्रद्धालु एक आध्यात्मिक सूत्र में जुड़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि शिला का एक लाख स्थानों पर पूजन कराने का संकल्प लिया गया है। इसके लिए शिला को विभिन्न स्थानों पर ले जाकर संतों, धर्माचार्यों और श्रद्धालुओं से पूजन कराया जा रहा है।
साध्वी राधा गिरि, राहुल त्रिवेदी और महामंडलेश्वर राधा नंद गिरि ने भी भगवान श्रीकृष्ण के प्रति श्रद्धा व्यक्त की। कार्यक्रम संयोजक पं. राजेश पाठक और स्वयंसेवक कृष्ण सुदर्शन ने बताया कि अयोध्या में महंत नृत्य गोपाल दास द्वारा प्रथम पूजन के बाद रजत शिला को ब्रज लाया गया है।
कार्यक्रम में प्रिया किशोरी भारद्वाज, हनी शर्मा, कान्हा कौशिक सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।


