बीएसए रतन कीर्ति ने जारी किया आदेश, ‘सेवा संकल्प अभियान’ के निर्धारित कार्यक्रम में सहभागिता के निर्देश
मथुरा। मौसम विभाग द्वारा जनपद में भारी बारिश की संभावना के पूर्वानुमान को देखते हुए छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के मद्देनजर 26 सितंबर को मथुरा जनपद के सभी विद्यालयों में अवकाश घोषित किया गया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रतन कीर्ति ने जिलाधिकारी के निर्देश के क्रम में इस संबंध में आदेश जारी किया है।
जारी आदेश के अनुसार 26 सितंबर को जनपद के सभी परिषदीय एवं विभिन्न बोर्डों से संचालित विद्यालयों, जिनमें मदरसा, सीबीएसई और आईसीएसई विद्यालय शामिल हैं, में प्री-प्राइमरी से कक्षा 12 तक के विद्यार्थियों के लिए अवकाश रहेगा।
हालांकि, अवकाश के बावजूद पूर्व निर्धारित ‘सेवा संकल्प अभियान’ का कार्यक्रम अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित किया जाएगा। इसके लिए सभी खंड शिक्षा अधिकारियों, एसआरजी और एआरपी को संबंधित विकासखंड के विद्यालयों से प्रभावी समन्वय स्थापित कर निर्धारित छात्र-छात्राओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
बीएसए ने आदेश में स्पष्ट किया है कि विद्यालयों में अवकाश घोषित होने के आधार पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ में निर्धारित सहभागिता में किसी भी स्तर पर शिथिलता, उदासीनता अथवा लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। संबंधित अधिकारियों और विद्यालय प्रबंधन को आदेश का अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।


