•फरह और मुड़ेसी के कस्तूरबा गांधी विद्यालयों में आयोजित हुए विधिक जागरूकता शिविर
मथुरा। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश पर बाल संरक्षण से संबंधित कानूनी प्रावधानों के प्रति किशोरों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 25 सितंबर से 2 अक्टूबर तक विशेष विधिक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत जनपद के विद्यालयों एवं कॉलेजों में पोक्सो अधिनियम-2012 को लेकर विधिक साक्षरता एवं जागरूकता कार्यक्रम, कला प्रतियोगिता और नुक्कड़ नाटक सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
अभियान के तहत जनपद न्यायाधीश मथुरा श्री विकास कुमार के निर्देशानुसार 25 सितंबर को कस्तूरबा गांधी विद्यालय फरह और कस्तूरबा गांधी विद्यालय मुड़ेसी में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किए गए। फरह स्थित विद्यालय में आयोजित शिविर में अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सूर्यभान कुमार वर्मा तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अनीता सिंह ने छात्राओं को पोक्सो अधिनियम-2012 के प्रावधानों की सरल भाषा में जानकारी दी।
शिविर में चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल अरविन्द कुमार, डिप्टी लीगल एड डिफेंस काउंसिल विनय कुमार तथा पराविधिक स्वयंसेवक शैलेन्द्र दीक्षित मौजूद रहे।
इसी क्रम में कस्तूरबा गांधी विद्यालय मुड़ेसी में आयोजित शिविर में डिप्टी लीगल एड डिफेंस काउंसिल रूपेश चौधरी, असिस्टेंट लीगल एड डिफेंस काउंसिल राहुल अग्रवाल तथा पराविधिक स्वयंसेवक डा. बी.बी. पाण्डेय ने छात्राओं को पोक्सो अधिनियम-2012 के तहत बच्चों के संरक्षण से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को बाल संरक्षण से जुड़े अधिकारों और कानून की जानकारी देते हुए जागरूक किया गया।


