•कन्हैया यादव भारतीय बोले—किसानों के हक की लड़ाई जारी रहेगी, जल्द घोषित होगी नई तारीख
बस्ती। कांग्रेस पार्टी की ओर से हर्रैया विधानसभा क्षेत्र में 13 अक्टूबर को प्रस्तावित किसान अधिकार यात्रा स्थगित कर दी गई है। किसान कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं संगठन प्रभारी कन्हैया यादव भारतीय ने बताया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी आंदोलन और राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देश पर यह निर्णय लिया गया है।
उन्होंने बताया कि किसान अधिकार यात्रा अमोलीपुर हनुमान मंदिर से श्रृंगीनारी तक निकाली जानी थी। यात्रा की तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। यात्रा संयोजक कन्हैया यादव भारतीय ने गांव-गांव जनसंपर्क कर किसानों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया था।
यात्रा में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष अजय राय, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी, बाराबंकी के सांसद तनुज पुनिया, कांग्रेस विधायक दल के नेता वीरेंद्र चौधरी, पूर्वांचल जोन प्रभारी एवं राष्ट्रीय सचिव अभिषेक दत्त, किसान कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं संगठन प्रभारी अखिलेश शुक्ला तथा वरिष्ठ नेता तौकीर आलम सहित प्रदेश और देश के कई वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने का कार्यक्रम प्रस्तावित था। इसके अतिरिक्त जिले के कांग्रेस कार्यकर्ताओं और हजारों किसानों की सहभागिता भी होनी थी।
कन्हैया यादव भारतीय ने कहा कि कांग्रेस की मांग है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार अपने पद से इस्तीफा दें अथवा उन्हें पद से हटाया जाए। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता को लेकर पार्टी की चिंताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देश पर चल रहे आंदोलन को प्राथमिकता देते हुए किसान अधिकार यात्रा स्थगित की गई है।
उन्होंने किसानों, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यात्रा को लेकर क्षेत्र में उत्साह था। हालांकि, कार्यक्रम स्थगित किया गया है, लेकिन किसानों के हितों और उनके अधिकारों की लड़ाई जारी रहेगी। किसान अधिकार यात्रा की अगली तारीख जल्द घोषित की जाएगी।


