•दोषियों पर कार्रवाई न होने पर मृत्यु तक निर्जल अनशन की चेतावनी, पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप।
मथुरा। थाना हाईवे क्षेत्र में गोवर्धन रोड स्थित एफसीआई गोदाम के पास महादेव मंदिर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से आहत मंदिर के महंत बाबा चंद्रमापुरी खड़ेश्वरी जी महाराज ने बड़ा निर्णय लिया है। महंत ने कहा है कि यदि मंदिर में हुई चोरी की घटनाओं का खुलासा कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो वह 26 सितंबर से मंदिर में अनिश्चितकालीन ताला लगाकर अपनी मृत्यु तक निर्जल अनशन करेंगे।
महंत के अनुसार मंदिर में मां जगदंबा, माता शीतला, शनिदेव, नवग्रह और हनुमान जी के विग्रह स्थापित हैं। उन्होंने बताया कि जुलाई 2026 में हनुमान जी के विग्रह के पास लगे शीशे को तोड़कर करीब 12 से 15 हजार रुपये की चोरी की गई थी। इसके बाद राधाष्टमी की रात भी मंदिर में चोरी की घटना सामने आई।
महंत का आरोप है कि घटना की सूचना 112 नंबर पर दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन उनकी शिकायत पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने एसएसपी से भी फोन पर संपर्क किया, जहां पीआरओ से बातचीत होने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। महंत का यह भी आरोप है कि थाना हाईवे के सीयूजी नंबर से उनका मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिया गया है।
महंत ने दावा किया कि मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में संदिग्ध लोगों के चेहरे कैद हुए हैं, इसके बावजूद पुलिस द्वारा मामले में प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने मांग की है कि मंदिर में हुई चोरी का शीघ्र खुलासा कर आरोपियों तथा मंदिर परिसर में अराजकता फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
महंत ने कहा कि यदि उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो 26 सितंबर से मंदिर को अनिश्चितकाल के लिए बंद कर ताला लगा दिया जाएगा और वह मृत्यु होने तक निर्जल अनशन पर बैठेंगे।
बताया गया कि मंदिर में वर्ष 2024 से नियमित आरती भी बंद है। महंत के अनुसार उस समय उनके साथ कुछ अराजक तत्वों द्वारा मारपीट की घटना हुई थी, जिसके बाद से मंदिर में आरती-पूजा की व्यवस्था प्रभावित है।
अब देखना यह है कि मामले में पुलिस और प्रशासन क्या कार्रवाई करते हैं तथा मंदिर में हुई चोरी की घटनाओं का कब तक खुलासा हो पाता है। महंत के इस निर्णय के बाद धार्मिक संगठनों और प्रशासन की भूमिका पर भी नजर रहेगी।

