•पानी के टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आए पांच छात्र, एक की हालत गंभीर
रिपोर्ट: विजय नागपाल
मथुरा/वृंदावन। वृंदावन के चैतन्य विहार स्थित महर्षि पाणिनि संस्कृत गुरुकुलम में सोमवार रात पानी के टैंक की सफाई के दौरान हुए हादसे में चार छात्रों की मौत हो गई, जबकि एक छात्र की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद गुरुकुल परिसर और आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
बताया गया कि सोमवार रात करीब 10 बजे गुरुकुल के छात्र करीब 12 फीट गहरे पानी के सबमर्सिबल टैंक की सफाई कर रहे थे। टैंक से बदबू आने के बाद एक छात्र सफाई के लिए अंदर उतरा, लेकिन कुछ ही देर में वह बेहोश हो गया। उसे बचाने के प्रयास में एक के बाद एक अन्य छात्र भी टैंक में उतरते चले गए। इस दौरान पांचों छात्र संदिग्ध जहरीली गैस की चपेट में आकर बेहोश हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस और राहत टीम ने सभी छात्रों को टैंक से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने मनु कटारे, देवांश, विशु और आर्यन को मृत घोषित कर दिया। वहीं रुद्राक्ष की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका उपचार जारी है।
हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह मौके पर पहुंचे और गुरुकुल प्रबंधन एवं मौजूद लोगों से घटना की जानकारी ली। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार टैंक में बदबू आने के बाद उसकी सफाई की जा रही थी। आशंका है कि टैंक के अंदर जहरीली गैस बनने के कारण छात्र इसकी चपेट में आए।
प्रशासन की ओर से पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि टैंक में जहरीली गैस कैसे बनी और सफाई के दौरान सुरक्षा के क्या इंतजाम किए गए थे। हादसे के बाद गुरुकुल में शोक का माहौल है।
बाइट : श्लोक कुमार, एसएसपी मथुरा

