भगवान श्रीराम के आदर्शों को जीवन में उतारने का लें संकल्प : उपमन्यु
रिपोर्ट: विजय नागपाल
राया। श्रीरामलीला कमेटी के तत्वावधान में कस्बे के रामलीला मैदान में गणेश पूजन एवं ध्वजारोहण के साथ रामलीला का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर शाम को भगवान गणेश की शोभायात्रा भी नगर में धूमधाम से निकाली गई। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ ब्रज प्रेस क्लब के अध्यक्ष डॉ. कमलकांत उपमन्यु एडवोकेट ने गणेश पूजन एवं ध्वज पूजन कर किया। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम आदर्श पुत्र और मर्यादा पुरुषोत्तम थे। उनकी पावन लीलाओं से प्रेरणा लेते हुए हमें उनके बताए मार्ग पर चलने और उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लेना चाहिए।
शोभायात्रा रामलीला मैदान से प्रारंभ होकर कटरा बाजार, रेतिया बाजार, मांट रोड, मथुरा रोड होते हुए पुनः कटरा बाजार से रामलीला मैदान पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला।
इससे पूर्व रामलीला कमेटी के अध्यक्ष अभिषेक पाराशर ने कमेटी पदाधिकारियों के साथ मुख्य अतिथि डॉ. कमलकांत उपमन्यु को दुपट्टा पहनाकर एवं स्मृतिचिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर डॉ. रश्मि गोयल, सुधीर व्यास, रविकांत वर्मा, नरेश रावत, मनोज वार्ष्णेय, ललितमोहन गुप्ता, बबलू चौबे, मुकेश शास्त्री, संजय गोयल, कालीचरन अग्रवाल, संजीव सारस्वत, हरेन्द्र चौधरी, मोहित गौड़ आदि मौजूद रहे।

