मथुरा। नगर निगम मथुरा-वृंदावन द्वारा आज शहर को अतिक्रमण मुक्त और जाम मुक्त बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया गया।
नगर निगम की टीम ने *जवाहर हाट से पुराने बस स्टैंड मार्ग* तक सड़क किनारे हुए अवैध अतिक्रमण को हटाया। इस दौरान सड़क पर रखे ठेले-खोमचे, दुकानों के आगे बढ़ाए गए टिन-शेड और अवैध निर्माण को जेसीबी की मदद से हटाया गया।
अभियान के दौरान नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारी और पुलिस बल मौजूद रहा। अधिकारियों ने बताया कि इस मार्ग पर लगातार अतिक्रमण की शिकायतें मिल रही थीं, जिससे आम जनता को आवागमन में भारी परेशानी होती थी।
नगर निगम ने सभी दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी है कि दोबारा अतिक्रमण करने पर जुर्माना और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


