•योजनाओं की प्रगति एवं गुणवत्ता की नियमित समीक्षा के दिए निर्देश।
केके मिश्रा संवाददाता।
संत कबीर नगर। जिलाधिकारी अनुज मलिक की अध्यक्षता में शनिवार को जनपद के तीनों आकांक्षात्मक विकासखंडों—पौली, सांथा एवं बघौली में निर्धारित पैरामीटर्स एवं रैंकिंग के आधार पर विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की अद्यतन स्थिति और प्रगति की समीक्षा बैठक कैम्प कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य, आईसीडीएस, स्वरोजगार, बेसिक शिक्षा, कृषि, ग्रामीण पेयजल, बेसिक इन्फ्रास्ट्रक्चर, सोशल डेवलपमेंट, पंचायती राज सहित अन्य विभागों से संबंधित पैरामीटर्स की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित मानकों पर अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करते हुए आकांक्षात्मक विकासखंडों को संतृप्त करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी से योजनाओं एवं कार्यक्रमों की अद्यतन स्थिति की आंकड़ेवार जानकारी प्राप्त की तथा संबंधित खंड विकास अधिकारियों एवं विभागीय अधिकारियों को लक्ष्य के सापेक्ष कार्यों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में केवल लक्ष्य की पूर्ति ही नहीं, बल्कि कार्यों की गुणवत्ता भी सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्धारित पैरामीटर्स पर जिन विभागों की प्रगति अपेक्षाकृत कम है, वे तत्काल अपनी कार्यप्रणाली में सुधार लाएं, ताकि जनपद की रैंकिंग में अपेक्षित सुधार हो सके।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने संस्थागत प्रसव, बच्चों के पूर्ण टीकाकरण एवं गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य परीक्षण की शत-प्रतिशत फीडिंग समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कुपोषण की दर में कमी लाने के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से पुष्टाहार का नियमित वितरण सुनिश्चित करने को कहा। वहीं, जल जीवन मिशन के अंतर्गत हर घर नल से जल योजना की प्रगति में तेजी लाने के निर्देश दिए।
बैठक में जिन पैरामीटर्स पर प्रगति कम अथवा असंतोषजनक पाई गई, उनसे संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि आकांक्षात्मक विकासखंडों की प्रगति की निगरानी शासन स्तर से की जा रही है। किसी भी स्तर पर शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी आपसी समन्वय स्थापित कर योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन एवं धरातल पर परिणाम सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत कैंप लगाकर शत-प्रतिशत लक्ष्य की पूर्ति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों, खंड विकास अधिकारियों, एमओआईसी, पंचायत सचिवों एवं सीएम फेलो को आपसी समन्वय के साथ आकांक्षात्मक विकासखंडों के सभी पैरामीटर्स को संतृप्त करने तथा विकासखंड स्तर पर योजनाओं की प्रगति एवं गुणवत्ता की नियमित समीक्षा करने को कहा।
बैठक में परियोजना निदेशक विजयन्त सिंह, डीसी एनआरएलएम प्रवीण शुक्ला, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी अजय कुमार श्रीवास्तव, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. एसके तिवारी, जिला कृषि अधिकारी डॉ. सर्वेश कुमार यादव, जिला पंचायत राज अधिकारी अरुण कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुजीत कुमार, उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मुबारक, खंड विकास अधिकारीगण, सीडीपीओ, एडीओ पंचायत, सीएम फेलो सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


