•बीएसए की सख्ती से शिक्षा विभाग में मचा हड़कंप, निरीक्षण में गंदगी मिलने पर शिक्षकों से मांगा स्पष्टीकरण।
रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। परिषदीय विद्यालयों में ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराने में लापरवाही बरतने पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रतन कीर्ति ने सख्त कार्रवाई की है। उन्होंने जिले के 1384 विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों का वेतन अग्रिम आदेश तक रोकने के निर्देश दिए हैं।
विभागीय जानकारी के अनुसार शासन की ओर से सभी परिषदीय विद्यालयों में छात्रों की ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करना अनिवार्य किया गया है। जिले में कुल 1539 परिषदीय विद्यालय हैं, जिनमें निर्धारित समय तक महज 155 विद्यालयों ने छात्रों की ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज की। वहीं, 1384 विद्यालयों में ऑनलाइन हाजिरी दर्ज नहीं की गई। इसे शासन के निर्देशों की गंभीर अवहेलना मानते हुए बीएसए ने संबंधित प्रधानाध्यापकों के वेतन पर रोक लगाने की कार्रवाई की।
इसी क्रम में शुक्रवार को बीएसए रतन कीर्ति ने औरंगाबाद क्षेत्र के दो प्राथमिक विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय परिसर और शौचालयों में गंदगी मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई। संबंधित शिक्षकों को फटकार लगाते हुए तत्काल स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यालयों में साफ-सफाई की व्यवस्था तत्काल दुरुस्त कराने को कहा।
बीएसए की लगातार सख्ती से शिक्षा विभाग में हड़कंप की स्थिति है। अधिकारियों ने भी विद्यालयों में शासन के निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराने की बात कही है।


