•डीएसी नंबर का नियम भी बेअसर, उपभोक्ताओं का आरोप-गोदाम पर करना पड़ता है घंटों इंतजार
रिपोर्ट: अरुण कुमार
बस्ती। गैस सिलेंडर की बुकिंग और वितरण व्यवस्था को लेकर बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं, लेकिन महराजगंज स्थित सन गैस एजेंसी पर जमीनी हकीकत इन दावों से अलग नजर आ रही है।
उपभोक्ताओं का आरोप है कि गैस सिलेंडर लेने के लिए आज भी उन्हें लंबी कतार में घंटों खड़ा होना पड़ रहा है। इससे खासकर ग्रामीण क्षेत्र से आने वाले उपभोक्ताओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उपभोक्ताओं को जानकारी दी गई है कि पर्ची कटवाने की आवश्यकता नहीं है। डीएसी नंबर देकर उपभोक्ता गाड़ी से कहीं भी सिलेंडर प्राप्त कर सकता है। लेकिन उपभोक्ताओं का कहना है कि मौके पर यह व्यवस्था प्रभावी नजर नहीं आती। डीएसी नंबर देने के बावजूद कई उपभोक्ताओं को सिलेंडर के लिए गोदाम पर पहुंचकर लाइन में लगना पड़ता है।
उपभोक्ताओं का यह भी आरोप है कि गोदाम पर कर्मचारियों के व्यवहार को लेकर लगातार नाराजगी बनी हुई है। उनका कहना है कि सिलेंडर लेने पहुंचे लोगों से कई बार कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया जाता है, जिससे उपभोक्ताओं में रोष है।
उपभोक्ताओं का सबसे बड़ा आरोप सिलेंडर वितरण के समय को लेकर है। उनका कहना है कि सुबह से ही कुछ लोगों को बड़ी संख्या में सिलेंडर उपलब्ध हो जाते हैं, जबकि आम उपभोक्ताओं को नियम-कानून का हवाला देते हुए 10 बजे के बाद सिलेंडर वितरण शुरू होने की बात कही जाती है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि कुछ लोगों को एक साथ 30-40 सिलेंडर तक आसानी से मिल जाते हैं, जबकि सामान्य उपभोक्ताओं को एक सिलेंडर के लिए घंटों कतार में खड़ा रहना पड़ता है।
उपभोक्ताओं में काफी नाराजगी है। उनका कहना है कि यदि एजेंसी की ओर से डीएसी नंबर के माध्यम से कहीं से भी सिलेंडर प्राप्त करने की सुविधा का दावा किया जा रहा है तो फिर गोदाम पर लंबी कतार और घंटों इंतजार की स्थिति क्यों बनी हुई है।
उपभोक्ताओं ने संबंधित विभाग और गैस एजेंसी के उच्चाधिकारियों से वितरण व्यवस्था की जांच कराने, डीएसी व्यवस्था को प्रभावी बनाने और आम उपभोक्ताओं को बिना भेदभाव समय से गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने की मांग की है।


