•किशोरों को सही राह चुनने और हुनर सीखकर आत्मनिर्भर बनने के लिए किया प्रेरित।
रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। राजकीय सम्प्रेक्षण गृह (किशोर), मथुरा में गुरुवार को जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मथुरा विकास कुमार ने सदन में निवासित किशोरों को टी-शर्ट, लोवर एवं इनर गार्मेन्ट्स वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान उन्होंने किशोरों से संवाद कर उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए मार्गदर्शन भी दिया।

जनपद न्यायाधीश ने किशोरों को जीवन में सही मार्ग पर चलने तथा किसी एक क्षेत्र का चयन कर उसमें बेहतर मुकाम हासिल करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि किशोर अपने साथ हुई घटना को पीछे छोड़कर सम्प्रेक्षण गृह में उपलब्ध अवसरों का सदुपयोग करें। यहां से जाते समय अपने साथ कोई न कोई उपयोगी कौशल अवश्य लेकर जाएं, जिससे भविष्य में वे आत्मनिर्भर बन सकें।
उन्होंने सदन में उपस्थित अध्यापक को किशोरों को नियमित रूप से सामान्य ज्ञान एवं शिक्षा प्रदान करने के निर्देश दिए, ताकि उनके ज्ञान में वृद्धि के साथ व्यक्तित्व का भी समुचित विकास हो सके।
कार्यक्रम के दौरान अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट परविन्दर सिंह, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अनीता सिंह, सिविल जज जूनियर डिवीजन प्रत्युष आनन्द मिश्रा एवं जिला प्रोवेशन अधिकारी विकास चन्द्र सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में जनपद न्यायाधीश द्वारा सम्प्रेक्षण गृह में निवासित किशोरों को मिठाई भी वितरित की गई।


