आत्मनिर्भर दिव्यांग एकता फाउंडेशन की मासिक बैठक संपन्न।

Spread the love

समस्याओं का समाधान न होने पर धरना-प्रदर्शन की चेतावनी

खैराबाद, सीतापुर। मंगलवार को थाना क्षेत्र के विशुन नगर चौराहा स्थित आत्मनिर्भर दिव्यांग एकता फाउंडेशन कार्यालय पर मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रबंधक/सचिव बिन्दू मौर्या एवं कोषाध्यक्ष विजय पाल ने संयुक्त रूप से की। बैठक में जनपद के विभिन्न ब्लॉकों से आए दिव्यांग एवं निराश्रित महिलाओं ने अपनी समस्याएं एवं सुझाव रखे।

5 मई का मांग पत्र अब तक लंबित
संगठन पदाधिकारियों ने बताया कि फाउंडेशन के नेतृत्व में 5 मई को जिलाधिकारी को संबोधित सात सूत्रीय मांग पत्र सौंपा गया था, लेकिन अब तक उस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे दिव्यांगों एवं निराश्रित महिलाओं में आक्रोश व्याप्त है। पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जिला प्रशासन ने शीघ्र संज्ञान नहीं लिया तो संगठन धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होगा।

आवास में अवैध वसूली का आरोप
बैठक को संबोधित करते हुए बिन्दू मौर्या ने कहा कि जिला प्रशासन सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं को धरातल पर उतारने का प्रयास कर रहा है, लेकिन कई स्थानों पर पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने याद दिलाया कि फाउंडेशन के एक पूर्व कार्यक्रम में तत्कालीन सीडीओ निधि बंसल ने खुले मंच से कहा था कि यदि कोई आवास दिलाने के नाम पर ₹10 हजार से ₹20 हजार तक की मांग करता है तो उसकी शिकायत की जाए, जिस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बताया कि जब शिकायत करने के लिए दिव्यांगजन खैराबाद बीडीओ के पास पहुंचे थे, तब उनकी समस्याएं सुनने के बजाय अधिकारियों का रवैया असहयोगात्मक रहा। इससे नाराज होकर दिव्यांगजनों ने जिला मुख्यालय तक पैदल कूच किया था।

बिन्दू मौर्या ने आरोप लगाया कि कई दिव्यांगजनों को आवास दिलाए जाने के बाद कुछ प्रधानों द्वारा अवैध वसूली की गई है। वहीं कई ब्लॉकों में लक्ष्य होने के बावजूद दिव्यांग एवं निराश्रित लोगों को आवास नहीं दिए जा रहे हैं, जबकि लाभार्थियों से धन उगाही की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। संगठन ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

फोन तक नहीं उठाते अधिकारी
बैठक में यह भी कहा गया कि जब इस विषय में संबंधित अधिकारियों एवं सचिवों से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया जाता है, तो फोन रिसीव नहीं किए जाते, जिससे उनकी भूमिका भी संदेह के घेरे में आती है। राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष विजय पाल ने कहा कि संगठन लगातार दिव्यांग, निराश्रित एवं गरीब लोगों के हक और अधिकार की लड़ाई लड़ता आया है और आगे भी संघर्ष जारी रहेगा।

बैठक में गुड्डू, हरिलाल, कौशल किशोर, लक्ष्मी देवी, प्रीति, प्रकाश, कालिंदी, फूलमती, श्यामा देवी, मानसी, नेहा, रामप्रसाद, मंतोष कुमार, कुसमा देवी सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *