•सपा नेता मणेंद्र मिश्रा ने निर्माणाधीन गेट गिरने से मजदूर की मौत के मामले में मुआवजे की मांग की
सिद्धार्थनगर। समाजवादी शिक्षक सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री मणेन्द्र मिश्रा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि बीते 3 जून को शोहरतगढ़ के मछली मंडी के निर्माणाधीन गेट गिरने की घटना में एक मजदूर की मृत्यु और 6 मजदूर घायल हो गए थे। घटना वाले दिन जिलाधिकारी महोदय ने तीन सदस्यीय कमेटी गठित किया था।
कहा कि आज जिलाधिकारी महोदय के माध्यम से जिला सूचना सिद्धार्थनगर ने जो विज्ञप्ति जारी किया उसमें ठेकेदार को ब्लैक लिस्ट करने के साथ मंडी परिषद बस्ती के अवर अभियंता, सहायक अभियंता एवं उप निदेशक मंडी परिषद(निर्माण) बस्ती के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही की संस्तुति निदेशक मंडी परिषद/शासन को प्रेषित करने की जानकारी दी गई है। लेकिन अभी तक मृतक के परिजनों को न तो मुआवजा मिला और न ही घटना के जिम्मेदार मंडी परिषद के अधिकारियों पर कोई कार्यवाही की गई। एफआईआर में भी मंडी परिषद के किसी अधिकारी का नाम शामिल नहीं है।
श्री मिश्रा ने कहा कि तुलसियापुर की घटना भ्रष्टाचार का ज्वलंत उदाहरण है। सिद्धार्थनगर पूरे उत्तर प्रदेश में पंगेशियस क्लस्टर का इकलौता केंद्र है। जो प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत अधिसूचित है। वहीं मछली मंडी की कार्यदायी संस्था मंडी परिषद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री से जुड़ा विभाग है। ऐसे में अभी तक मंडी परिषद के किसी भी जिम्मेदार अधिकारी पर कार्यवाही न होना भ्रष्टाचार के विषय में शिथिलता का ही उदाहरण है।
समाजवादी पार्टी मृतक को न्याय दिलाने के साथ घटना के जिम्मेदार दोषियों को हर हाल में जेल भेजवाएगी। घटना की जिम्मेदारी और जवाबदेही अविलंब तय होनी चाहिए।