श्रावण मास व बारावफात को लेकर प्रशासन अलर्ट, 25 जुलाई तक सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश।

Spread the love

मिर्जापुर। आगामी श्रावण मास, बारावफात एवं अन्य प्रमुख पर्वों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार एवं पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने पुलिस लाइन सभागार में जनपद स्तरीय पीस कमेटी की बैठक आयोजित कर प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए पर्वों से पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर निकाय, विद्युत, जल निगम, स्वास्थ्य, लोक निर्माण एवं अन्य संबंधित विभागों को साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए कहा।

जिलाधिकारी ने कांवड़ यात्रा मार्गों पर बनाए जा रहे विश्राम स्थलों का समय रहते निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करने तथा आवश्यकतानुसार टेबल-टॉप संकेतक लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा, गुरु पूर्णिमा एवं अन्य त्योहारों को देखते हुए 25 जुलाई 2026 तक सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं। स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया गया कि डॉक्टरों, एम्बुलेंस एवं मेडिकल टीम की सूची 23 जुलाई तक पुलिस कंट्रोल रूम को उपलब्ध करा दी जाए।उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि सभी लोग आपसी भाईचारे और सद्भाव के साथ त्योहार मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन या पुलिस को देने का भी आग्रह किया।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने सभी क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने सोशल मीडिया की सतत निगरानी करने तथा अफवाह फैलाने या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध तत्काल विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

एसपी ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों, धर्मगुरुओं एवं पीस कमेटी के सदस्यों के साथ नियमित संवाद बनाए रखने पर भी जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान किसी भी समस्या की सूचना मिलते ही अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचकर उसका प्रभावी समाधान करें। साथ ही डीजे की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने तथा उसके ऊपर किसी व्यक्ति के न बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में पुलिस अधीक्षक (नक्सल) राजकुमार मीणा, अपर पुलिस अधीक्षक नगर नितेश सिंह, नगर मजिस्ट्रेट अविनाश सिंह, उप जिलाधिकारी चुनार अनेग सिंह, लालगंज अजीत कुमार, मड़िहान संतोष कुमार ओझा सहित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी तथा पीस कमेटी के सदस्य एवं विभिन्न समुदायों के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *