-संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने का आरोप, राजनीतिक विफलताओं से ध्यान भटकाने की कोशिश।
विजय दूत(मयंक त्रिपाठी)
औरैया। चुनाव आयोग और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस की ओर से उठाए जा रहे सवालों पर भाजपा ने पलटवार किया है। भाजपा जिला कार्यालय में पत्रकार वार्ता के दौरान जिला पंचायत प्रशासक कमल सिंह दोहरे ने कांग्रेस पर अपनी राजनीतिक एवं संगठनात्मक विफलताओं से ध्यान हटाने के लिए संवैधानिक संस्थाओं को निशाना बनाने का आरोप लगाया।
कमल सिंह दोहरे ने कहा कि प्रशासनिक और संवैधानिक मुद्दों को राजनीतिक हथियार बनाकर जनता के बीच भ्रम पैदा करने से कांग्रेस की समस्याओं का समाधान नहीं होगा। उन्होंने कहा कि लगातार चुनावी पराजय के बाद कांग्रेस की ओर से चुनाव आयोग सहित अन्य संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाए जा रहे हैं। उनके अनुसार, लोकतांत्रिक प्रक्रिया और जनादेश का सम्मान किया जाना चाहिए। पत्रकार वार्ता में जारी दस्तावेज में चुनाव आयोग की बैठक और संयुक्त प्रेस वक्तव्य का भी उल्लेख किया गया। भाजपा की ओर से दावा किया गया कि आयोग द्वारा स्थिति स्पष्ट किए जाने के बाद कांग्रेस और विपक्षी इंडिया गठबंधन के आरोपों पर सवाल खड़े होते हैं। दस्तावेज में एसआईआर सहित विभिन्न निर्णयों को लेकर विपक्ष की आपत्तियों को राजनीतिक नजरिये से उठाया गया सवाल बताया गया। भाजपा की ओर से कैबिनेट सचिव के पत्र को लेकर कांग्रेस के दावों पर भी सवाल उठाए गए। दस्तावेज में कहा गया कि संबंधित पत्र किसी नीतिगत विषय अथवा एसआईआर से जुड़ा नहीं था और एक अखबारी रिपोर्ट के आधार पर बनाई गई कहानी बाद में तथ्यहीन साबित हुई।
वार्ता में फॉर्म-6 के घोषणा पत्र को लेकर सुप्रीम कोर्ट के पूर्व निर्णय का हवाला देते हुए भाजपा नेताओं ने इसे वैध ठहराए जाने की बात कही। साथ ही आरोप लगाया कि कांग्रेस अपने राजनीतिक हितों के लिए चुनाव आयोग, सुप्रीम कोर्ट और अन्य संवैधानिक संस्थाओं पर लगातार सवाल उठाकर उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास कर रही है।
कमल सिंह दोहरे ने कहा कि राजनीतिक दलों को संवैधानिक संस्थाओं पर आरोप लगाने के बजाय तथ्यों का सम्मान करना चाहिए। पत्रकार वार्ता में जिला मीडिया प्रभारी भूरे चौबे,जिला उपाध्यक्ष माधव राजपूत, जिला महामंत्री युवा मोर्चा अंकुर तिवारी, राहुल गुप्ता आदि मौजूद रहे।


