•नशे में धुत चालक ने मचाया हड़कंप, बाइक सवार ने कूदकर बचाई जान; पुलिस ने चालक को पकड़ा।
मथुरा। गोवर्धन-मथुरा मार्ग पर अड़ींग बाईपास के पास मंगलवार को एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने बाइक को टक्कर मार दी। आरोप है कि टक्कर के बाद कार चालक बाइक को करीब 3 किलोमीटर तक घसीटता हुआ जमुनावता तक ले गया। इस दौरान सड़क किनारे खड़े कई लोग भी घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार के साथ बाइक घिसटने से सड़क पर काफी दूर तक चिंगारियां निकलती रहीं और आग भी लग गई। घटना के बाद जमुनावता के पास कार रुकी तो चालक वाहन छोड़कर मौके से भाग गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तलाश शुरू की। पुलिस ने कुछ दूरी पर एक घर के पास से कथित तौर पर नशे की हालत में चालक पवन दुबे को पकड़ लिया। पवन दुबे मोहराई का निवासी बताया जा रहा है। हादसे में उसे भी चोटें आई हैं, जिसके बाद एंबुलेंस से उसे गोवर्धन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
बाइक सवार ने बताया कि कार की टक्कर के बाद उसने किसी तरह बाइक से खुद को अलग किया। उसके मुताबिक, यदि वह समय रहते बाइक से दूर नहीं होता तो उसकी जान भी जा सकती थी।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और घायलों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।


