तीन चोरी के मोबाइल बरामद, पुलिस ने आरोपियों को भेजा जेल
रिपोर्ट: मनोज अग्रहरि,
मीरजापुर। विन्ध्याचल दर्शन-पूजन और गंगा स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के मोबाइल व सामान चोरी करने के मामले में विन्ध्याचल पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, पांच अक्टूबर को आजमगढ़ जनपद के मेहनगर निवासी प्रियान्सु चौहान ने गंगा स्नान के दौरान मोबाइल चोरी होने की तहरीर थाना विन्ध्याचल में दी थी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक मीरजापुर अपर्णा रजत कौशिक ने घटना को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी के सामान की बरामदगी के निर्देश दिए। इसी क्रम में सात अक्टूबर को उप निरीक्षक अजय कुमार मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर मामले में प्रकाश में आए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुभाष चन्द्र निवासी इटावा (हाल पता नई बस्ती कचरिया, विन्ध्याचल), शाहरूख अली निवासी कंतित मजार के पास, विन्ध्याचल तथा अवधेश कुमार निवासी छोटी महुआरिया, विन्ध्याचल के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के तीन मोबाइल फोन बरामद किए। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।


