•एक ईंट, एक रुपये की परंपरा से दिया सहयोग और समानता का संदेश, आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प।
नजीबाबाद। अंतरराष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन, जनपद बिजनौर परिवार की ओर से वैश्य शिरोमणि महाराजा अग्रसेन की 5150वीं जयंती श्रद्धा एवं हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। नगर के मोहल्ला मकबरा स्थित अंतरराष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन उत्तर प्रदेश के युवा प्रदेश सचिव आदित्य अग्रवाल के आवास पर आयोजित कार्यक्रम में अग्र बंधुओं ने महाराजा अग्रसेन के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर माल्यार्पण किया। इस दौरान सभी ने एक-दूसरे को महाराजा अग्रसेन जयंती एवं शारदीय नवरात्र की शुभकामनाएं दीं और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
जिला अध्यक्ष अभिनव अग्रवाल एडवोकेट ने कहा कि महाराजा अग्रसेन ने एक ईंट और एक रुपये के सहयोग की परंपरा के माध्यम से जरूरतमंदों को घर बसाने और व्यापार शुरू करने में मदद करने का संदेश दिया। उनके आदर्श आज भी समाज को सेवा, सहयोग, समानता और परस्पर सद्भाव की प्रेरणा देते हैं।
इस अवसर पर प्रकृति अग्रवाल ने महाराजा अग्रसेन की प्रशंसा में भजन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष अभिनव अग्रवाल एडवोकेट ने की, जबकि संचालन प्रधान जिला महामंत्री तुषार अग्रवाल ने किया।
कार्यक्रम में युवा प्रदेश सचिव आदित्य अग्रवाल, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष संजय अग्रवाल, दीपक गुप्ता, चित्रांश अग्रवाल, रोहित अग्रवाल, अमित सिंघल, सार्थक अग्रवाल, अनमोल गुप्ता, आयुष बंसल और ऋषभ अग्रवाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


