•17 नवंबर से शुरू होगा विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027, चार दिन बूथों पर विशेष अभियान; 4 जनवरी को जारी होगी अंतिम मतदाता सूची
केके मिश्रा, संवाददाता
संतकबीरनगर। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत मंगलवार, 17 नवंबर को मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन किया जाएगा। इसके साथ ही मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, हटवाने और विवरणों में संशोधन कराने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। दावे एवं आपत्तियां 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक स्वीकार की जाएंगी।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व)/उप जिला निर्वाचन अधिकारी सत्य प्रकाश ने बताया कि आलेख्य मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद नागरिक अपने और परिवार के सदस्यों के नाम, आयु, लिंग, फोटो सहित अन्य विवरणों की जांच कर सकेंगे। पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए फॉर्म-6, किसी नाम को शामिल किए जाने पर आपत्ति या अपात्र व्यक्ति का नाम हटवाने के लिए फॉर्म-7 तथा नाम, पता व अन्य विवरणों में संशोधन, निवास परिवर्तन, ईपीआईसी प्रतिस्थापन और दिव्यांग मतदाता के रूप में चिह्नांकन के लिए फॉर्म-8 भरना होगा।
उन्होंने बताया कि प्राप्त दावे और आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा। इसके बाद चार जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन होगा। आलेख्य मतदाता सूची मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश एवं जिला निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइटों के अलावा संबंधित मतदेय स्थलों और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के कार्यालयों में उपलब्ध रहेगी। इसकी प्रतियां मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को भी दी जाएंगी।
चार दिन चलेगा विशेष अभियान
मतदाता सूची पुनरीक्षण के दौरान 21, 22, 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। इन दिनों बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने-अपने मतदेय स्थलों पर उपस्थित रहकर नागरिकों से दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करेंगे। अधिकारियों को सभी बूथों पर बीएलओ की उपस्थिति और पर्याप्त संख्या में आवेदन फार्म उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 13 नवंबर को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर निर्वाचन आयोग के निर्देशों की जानकारी दी गई थी। साथ ही पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल कराने के लिए सहयोग मांगा गया। सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को विशेष अभियान दिवसों का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने जनपद के सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे आलेख्य मतदाता सूची में अपना और परिवार के सदस्यों का नाम अवश्य जांचें। यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम सूची में नहीं है तो निर्धारित अवधि में फॉर्म-6 भरकर आवेदन करें। वहीं, किसी प्रकार की त्रुटि होने पर फॉर्म-8 के माध्यम से संशोधन कराएं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना जरूरी है।


