•जमीन और रास्ते के विवाद में दो ग्रामीणों पर हत्या का आरोप, मृतक के पुत्र ने दी तहरीर; पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव।
रिपोर्ट: राहुल मिश्रा।
सीतापुर। सिधौली थाना क्षेत्र के खिड़की पुरवा गांव में खेत की झोपड़ी के बाहर 65 वर्षीय बुजुर्ग का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान रम्मा पुत्र बदलू के रूप में हुई है। उनके सिर पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे मामले में हत्या की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, रम्मा का शव उनके खेत में बनी झोपड़ी के बाहर पड़ा मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। मृतक के पुत्र सुंदर ने गांव के ही कुलदीप और रामू पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच जमीन और रास्ते को लेकर पहले से विवाद चल रहा था।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पूरे प्रकरण में अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी दुर्गेश कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए पुलिस की कार्रवाई के संबंध में बताया।


