•ब्लड बैंक में रक्तदान शिविर का शुभारंभ, सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए निर्देश।
रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर प्रदेश के बेसिक शिक्षा विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने जिला अस्पताल पहुंचकर मरीजों को फल वितरित किए और उनका कुशलक्षेम जाना। इसके बाद उन्होंने मसानी स्थित बृजवासी ब्लड बैंक में रक्तदान शिविर का शुभारंभ किया।

जिला अस्पताल में इस दौरान महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नीरज अग्रवाल, प्रभारी चिकित्सक डॉ. सिद्धार्थ सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। बृजवासी ब्लड बैंक में महानगर अध्यक्ष, मुख्य विकास अधिकारी, डिप्टी सीएमओ डॉ. भूदेव सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
इसके बाद राज्यमंत्री संदीप सिंह ने सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने अभियान से संबंधित व्यवस्थाओं, प्रस्तावित कार्यक्रमों तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में तैयारियां पूरी करने और आयोजन के दौरान जनसामान्य को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बताया गया कि सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। बैठक में अभियान के तहत जनसेवा, जनकल्याण तथा सरकार की विभिन्न योजनाओं से संबंधित गतिविधियों को जनसामान्य तक पहुंचाने पर चर्चा की गई।
साढ़े तीन लाख परिवारों के घरों में जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया’
मंत्री ने 17 सितंबर को ‘सेवा दिवस-आशीर्वाद का दीया’ थीम के तहत आयोजित होने वाले वृहद दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि जनपद के विभिन्न घाटों, मंदिरों, चौराहों, प्रमुख मार्गों, पार्कों, अमृत सरोवरों, विद्यालयों, अस्पतालों एवं अन्य प्रमुख स्थलों पर दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए नोडल अधिकारियों की तैनाती की गई है।
जिलाधिकारी ने बताया कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं से लाभान्वित परिवारों द्वारा शाम सात बजे अपने-अपने घरों में दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। जनपद में लगभग 3.50 लाख परिवारों द्वारा ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाए जाने की तैयारी है।
उन्होंने बताया कि राजा घाट, विश्राम घाट, केशी घाट, गीता शोध संस्थान वृंदावन, अटल चौक, श्रीकृष्ण कुंड-महोली, एसटीपी मसानी, चंद्रपुरी मंदिर, शांतनु कुंड, झाड़ी वाले हनुमान जी, लक्ष्मी जी मंदिर बेलवन, यक्ष कुंड परखम, बहुलावन बाटी, मंसा देवी ओढम, गोवर्धन बस स्टैंड मल्टीलेवल पार्किंग, राधाकुंड-कृष्णकुंड संगम, गोकुल बैराज के निकट एसटीपी, गौमती सरोवर कोसी, ठकुरानी घाट गोकुल, पावन सरोवर नंदगांव तथा राल गौशाला सहित विभिन्न स्थानों पर भी दीप प्रज्ज्वलन किया जाएगा।
मंत्री ने आयोजन स्थलों पर साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत, यातायात, सुरक्षा और बैठने सहित अन्य व्यवस्थाएं समय से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान की गतिविधियों में जनसहभागिता बढ़ाने के साथ ही सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। उन्होंने अभियान से जुड़े कार्यों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश भी दिए।
मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता ने बैठक में सेवा संकल्प अभियान के तहत की जा रही तैयारियों एवं व्यवस्थाओं की जानकारी मंत्री को दी। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


