अलीगढ़। मंगलायतन विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग द्वारा संचालित रेडियो नारद 90.4 एफएम की टीम की ओर से गांव मोहकमपुर के प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में पोषण माह के अंतर्गत पोषण एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन स्मार्ट संस्था के सहयोग से सेहत सही, लाभ कई अभियान के तहत किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व की जानकारी दी गई। बच्चों को स्वच्छ एवं सुरक्षित भोजन करने, भोजन से पहले और बाद में हाथ धोने तथा व्यक्तिगत स्वच्छता का ध्यान रखने के लिए प्रेरित किया गया। हरी सब्जियां, मौसमी फल, दालें और पोषक खाद्य पदार्थों को दैनिक आहार में शामिल करने की सलाह दी गई। रेडियो नारद की टीम ने बच्चों को स्वस्थ शरीर के लिए स्वच्छता, पौष्टिक भोजन और स्वस्थ जीवनशैली को आवश्यक बताया।
कार्यक्रम में आरजे नीलकांत ने विद्यार्थियों से संवाद कर सरल एवं रोचक तरीके से स्वास्थ्य संबंधी जानकारी साझा की गई।
कार्यक्रम का आयोजन विभागाध्यक्ष डा. मनीषा उपाध्याय के मार्गदर्शन में किया गया। रेडियो नारद की टीम ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से स्वास्थ्य एवं सामाजिक विषयों पर लोगों को जागरूक कर रही है।


