•रिपोर्ट विजय नागपाल।
मथुरा/वृंदावन। मथुरा-वृंदावन को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए नगर निगम द्वारा ‘स्वच्छ ब्रज अभियान’ महा-अभियान की शुरुआत की गई है। इस अभियान के पहले चरण में कृष्णानगर क्षेत्र को कचरा रहित मॉडल जोन के रूप में विकसित किया जाएगा।
नगर आयुक्त का निरीक्षण
नगर आयुक्त जग प्रवेश ने स्वयं भूतेश्वर चौराहा से कृष्णानगर की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग का पैदल निरीक्षण किया। उन्होंने सफाई कर्मियों का उत्साह बढ़ाया और कहा कि स्वच्छ मथुरा-वृंदावन के निर्माण में उनकी भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रमुख मार्गों, सार्वजनिक स्थलों और बाजारों में रोजाना 2 बार सफाई हो।
कई इलाकों में चली सफाई मुहिम
नगर निगम की कार्यदायी संस्था किंग ग्रुप द्वारा नगर निगम अधिकारियों के निर्देशन में गोवर्धन रोड, सौंख रोड, कृष्णानगर रोड, टाउनशिप क्षेत्र, गोकुल बैराज मार्ग, जयसिंहपुरा और मसानी लिंक रोड सहित दर्जनों क्षेत्रों में विशेष सफाई कार्य कराया गया। सड़कों के किनारे पड़े कूड़े-कचरे को हटवाया गया और कई गार्बेज वल्नरेबल प्वाइंट (GVP) को पूरी तरह समाप्त किया गया।
जुर्माना भी वसूला गया
अभियान के दौरान स्वच्छता में लापरवाही और गंदगी फैलाने वालों से 81 हजार रुपये का जुर्माना भी वसूला गया। साथ ही शहर में लगे 20 अवैध होर्डिंग, बैनर और पोस्टर हटाए गए। खाली प्लॉटों में पड़ा कचरा भी जेसीबी से हटवाया गया।
जनता से जुड़ने की अपील
नगर निगम ने इस अभियान को जन-आंदोलन बनाने के लिए हेल्पलाइन नंबर 95209-94252 जारी किया है। नगर आयुक्त ने आम नागरिकों, दुकानदारों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि कूड़ा इधर-उधर न फेंके, डस्टबिन का प्रयोग करें और ब्रज को स्वच्छ रखने में सहयोग करें।


